Stepfather Brutally Kills 12 year old Son Throws Body In Bushes Confesses And Flees
सौतेले पिता ने बेरहमी से कर दी 12 साल के मासूम की हत्या, फरार
नवभारत टाइम्स•
दिल्ली के शास्त्री पार्क में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक सौतेले पिता ने अपने 12 साल के बेटे अल्तमश की निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वाजिद फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नई दिल्ली: शास्त्री पार्क इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक सौतेले पिता ने अपने 12 साल के सौतेले बेटे अल्तमश की बेरहमी से हत्या कर दी। उसने पहले तो बेटे को झाड़ियों में ले जाकर नुकीले हथियार से मौत के घाट उतारा और फिर परिवार के साथ मिलकर उसे ढूंढने का नाटक करता रहा। अगले दिन, आरोपी वाजिद ने खुद अपनी दूसरी पत्नी मुमताज को फोन करके हत्या की बात कबूल की और घटनास्थल के बारे में बताया। इसके बाद अल्तमश की मां ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी वाजिद फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
नॉर्थ ईस्ट जिले के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9:50 बजे शास्त्री पार्क पुलिस स्टेशन को एक लड़के की हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत शास्त्री पार्क चौक लूप के पास पहुंची। वहां उन्हें लगभग 12 साल का एक लड़का बेहोश मिला। उसे फौरन जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और अहम सबूत इकट्ठा किए। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक अल्तमश शास्त्री पार्क में अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार में उसकी मां मुमताज, बड़े भाई अमन और वसी, सौतेले पिता वाजिद और एक शादीशुदा बहन ईरम शामिल हैं। बहन ईरम ने बताया कि 2019 में उनके पिता शफीक का निधन हो गया था। पिता की मौत के कुछ महीने बाद ही उनकी मां ने वाजिद से निकाह कर लिया था। वाजिद पहले से शादीशुदा था और रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करता था।
यह घटना परिवार के लिए एक बड़ा सदमा है। अल्तमश की मां मुमताज इस समय गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की है और हर संभव सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है। आरोपी वाजिद की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस जघन्य अपराध के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस क्रूरता पर हैरानी जता रहे हैं।