NBT न्यूज, चंडीगढ़
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने पुलिस भर्ती की तैयारी में जुटे युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए साफ किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने 2024 में रद्द पुलिस भर्ती में आवेदन किया था, उन्हें इस नई भर्ती में आयु सीमा में छूट मिलेगी। आयोग के चेयरमैन ने शुक्रवार को ऑनलाइन सेशन का आयोजन किया। जिसमें प्रदेश भर से हजारों की संख्या में युवा जुड़े। आयोग के पास सबसे अधिक सवाल पिछली भर्ती में आयु सीमा को लेकर थे।
आयोग चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि नई भर्ती में आवेदन करने वाले युवाओं की उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 से होगा।सामान्य वर्ग की महिला अभ्यर्थियों की हाइट 158 सेंटीमीटर रखी गई है। वहीं रिजर्व श्रेणी में 156 सेंटीमीटर का पैरामीटर आयोग ने रखा है। प्रदेश में 11 जनवरी 2026 से हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए 5500 पदों पर आवेदन शुरू होने जा रहा है। हिम्मत सिंह ने कहा कि फिजिकल सिलेक्शन में महिला अभ्यर्थियों को 1 किलोमीटर की रेस 6 मिनट में पूरी करनी होगी। वहीं, पुरुष अभ्यर्थियों को 2.5 किलोमीटर की रेस 12 मिनट में पूरी करनी होगी। एक्स सर्विस मैन को एक किलोमीटर की रेस 5 मिनट में पूरी करनी होगी। 25 जनवरी 2026 रात 11:59 तक वे अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। एग्जाम की डेट भी तय नहीं की गई हैं। आयोग जल्द इसकी घोषणा करेगाआवेदन के संख्या अनुसार ही परीक्षा केंद्र तय किए जाएंगे जिसके बाद परीक्षा कार्यक्रम का ऐलान किया जाएगा।
आयोग चेयरमैन ने बताया कि कुछ युवा बीसीए-बीसीबी के सर्टिफिकेट पंचायती राज से बने हुए फॉर्म में अटैच कर देते हैं,वह मान्य नहीं होंगे। युवाओं के आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे। फॉर्म भरते समय ख्याल रखें।



