Food Departments Sharp Eye On Cloud Kitchen Cleanliness Special Inspection Campaign Preparation
क्लाउड किचन की साफ-सफाई पर रहेगी नजर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने वाले लोगों की बढ़ती संख्या के बीच अब खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर क्लाउड किचन और होम किचन पर भी है। विभाग जल्द ऐसे किचनों का विशेष निरीक्षण अभियान शुरू करने की तैयारी में है। अभियान के दौरान फूड सेफ्टी अधिकारी यह जांचेंगे कि ऑनलाइन प्लैटफॉर्म के जरिए भोजन तैयार और बेचने वाले प्रतिष्ठानों के पास वैध FSSI लाइसेंस है या नहीं, किचन में सफाई के मानकों का पालन हो रहा है या नहीं व खाद्य सामग्री सुरक्षित तरीके से तैयार व संग्रहित की जा रही है या नहीं। अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन फूड डिलीवरी का कारोबार तेजी से बढ़ा है। इसके साथ ही कई क्लाउड किचन और होम किचन भी शुरू हुए हैं। इनमें से कई प्रतिष्ठान केवल ऑनलाइन ऑर्डर पर काम करते हैं, इसलिए इनकी नियमित निगरानी जरूरी हो गई है। विभाग का उद्देश्य कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचे। खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी डॉ पुनीत शर्मा का कहना है कि ऑनलाइन फूड डिलिवरी से जुड़े क्लाउड किचन व होम किचन भी खाद्य सुरक्षा कानून के दायरे में आते हैं।