Metro Closed Internet Down Yet Huge Crowd Of Youth At Jantar Mantar
मेट्रो स्टेशन बंद, इंटरनेट है ठप, पेमेंट मुश्किल, फिर भी जंतर मंतर पर भीड़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
मेट्रो स्टेशन बंद हैं, इंटरनेट बंद है, ऑटो का किराया महंगा हो चुका है, फिर भी जंतर मंतर पर युवाओं की भीड़ पहुंच रही है। दूर-दूर से ऑटो, कैब्स से जो लोग पहुंच रहे हैं, उनके लिए इंटरनेट बंद होने से पेमेंट करना एक चुनौती है, खासतौर पर पहली बार आने वालों के लिए। जो पहले से आ रहे हैं, वो कैश ला रहे हैं। लोगों का कहना है कि दिल्ली मेट्रो के इतने सारे स्टेशन बंद होने के बावजूद, रूट डाइवर्जन के बावजूद इतनी भीड़ जंतर मंतर पहुंच ही रही है तो आम लोगों को परेशान करने का क्या फायदा? करोल बाग से आईं DU स्टूडेंट वैष्णवी ने कहा कि हम चार दोस्त आई हैं, अलग-अलग एरिया से हैं। करोल बाग से ऑटो किया था क्योंकि मेट्रो से उतरने का ऑप्शन नहीं था। वहीं, पहाड़गंज से आए शाहिद ने कहा कि मैं पॉलिटेक्निक का स्टूडेंट हूं। हम पास में ही रहते हैं तो पैदल ही आ गए।
नोएडा से जंतर मंतर पहुंचे नौकरीपेशा रजत ने बताया कि पहले मैं अक्षरधाम तक मेट्रो से आया। फिर वहां से 200 रुपये में ऑटो कर यहां पहुंचा हूं। कई लोग जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन या कश्मीरी गेट पर उतरकर ऑटो ले रहे हैं। इसी तरह, कई लोग जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पर उतरकर ऑटो ले रहे हैं। साकेत से कैब से आईं पांच 10वीं की लड़कियों ने बताया कि उन्हें पता था कि नेट काम नहीं करेगा, इसलिए ड्राइवर को पहले ही पे कर दिया था। जूही कहती हैं, हम पैरंट्स को बताकर दो घंटे के लिए आए हैं।