New Delhi Metro Station Closed Commuters Face Hardship Long Journeys For Railway And Airport Passengers
मेट्रो ने छोड़ा साथ, लोगों को करना पड़ा लंबा SUFFER
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों के बंद होने से अब तक रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले और दिल्ली-एनसीआर के बीच सफर करने वाले यात्री परेशान थे। मगर शुक्रवार को नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन भी बंद होने से रेलवे और एयरपोर्ट जाने वाले हजारों यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रोजाना 4-5 लाख यात्री सफर करते हैं और यहां से करीब 300 ट्रेनों का संचालन होता है। ऐसे में यात्रियों के लिए मेट्रो सबसे बड़ी लाइफ लाइन थी, लेकिन शुक्रवार को नजारा अलग था। कई यात्री मेट्रो के एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक भटकते रहे, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को महंगी कैब और टैक्सी का सहारा लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचना पड़ा।जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के चलते सुरक्षा कारणों से लगातार तीसरे दिन 18 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रहे। अब तक नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन खुला हुआ था, लेकिन शुक्रवार को इसे भी बंद कर दिया गया। नई दिल्ली एक प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन है, जहां येलो लाइन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से जुड़ती है। स्टेशन बंद होने के साथ ही इंटरचेंज सुविधा भी रोक दी गई। इससे एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई। उन्हें सही स्टेशन तक पहुंचने के लिए मेट्रो के अंदर ही इधर-उधर भटकना पड़ा।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे नोएडा निवासी समीर ने बताया कि उन्हें पटना जाने के लिए ट्रेन पकड़नी थी। उन्होंने कहा कि वह मेट्रो में सफर कर रहे थे, तभी पता चला कि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद है। इसके बाद वे अक्षरधाम स्टेशन पर उतरकर वहां से ऑटो लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसी तरह गुरुग्राम से आए धर्मेंद्र कुमार, जिन्हें कानपुर जाना था, उन्हें भी नई दिल्ली स्टेशन के गेट बंद होने की जानकारी नहीं थी। वे पहले चावड़ी बाजार पहुंचे और वहां से 50 रुपये किराया देकर रेलवे स्टेशन आए। वहीं, एक अन्य यात्री आर्यन नोएडा से सीधे रैपिडो बाइक से रेलवे स्टेशन पहुंचे।