Noida Three Bike Thieves Arrested For Stealing From Outside Malls hospitals 9 Bikes Recovered
मॉल-अस्पताल के बाहर से चुराते थे दोपहिया वाहन, तीन बदमाश अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नोएडा : दिल्ली-एनसीआर में बाइक चोरी करने वाले तीन बदमाशों को सेक्टर-126 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से नौ बाइक, एक स्कूटी बरामद हुई है। आरोपी मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और आवासीय इलाकों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। इसके बाद दूरदराज के इलाकों में सप्लाई कर देते थे। पुलिस गिरोह के बाकी बदमाशों की तलाश कर रही है। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर 131 गढ़ी शाहपुर कट के निवासी विकास कुमार, रोहित बुल और कुलदीप को पकड़ा गया है। तीनों अलग-अलग जिले के मूल निवासी हैं। फिलहाल नोएडा में रह रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद वाहन यमुना डूब क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाकर रखे जाते थे। पहचान छिपाने के लिए इंजन और चेसिस नंबर घिस देते, बाद में इन्हें सस्ते दामों पर बेच देते। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना विकास कुमार तमंचा अपने पास रखता था। आरोपियों ने दिल्ली और नोएडा से कई वाहन चुराने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों की तलाश कर रही है।