n NBT न्यूज,लखनऊ
गोमती नगर विस्तार स्थित कठौता झील में जल संकट जल्द दूर होगा। शारदा कैनाल को शनिवार की रात खोल दिया जाएगा और दो से तीन दिन के अंतराल पर पानी झील में पहुंच जाएगा। वहीं अस्थायी तौर पर कुड़िया घाट पर रोके गए गोमती नदी के पानी को सोमवार को छोड़ दिया जाएगा।
सिंचाई विभाग से जुड़े इंजिनियरों के मुताबिक गोमती नगर स्थित गोमती बैराज में गेंटों की मरम्मत के लिए बीते मई के शुरुआत में गोमती नदी के पानी को कुड़िया घाट के पास अस्थायी बंधा बनाकर रोक दिया गया था। बीते करीब सवा महीने से पानी के रोके जाने से पक्का पुल से समता मूलक चौराहा तक नदी पूरी तरह से सूखी पड़ी है। सिंचाई विभाग के इंजिनियरों का कहना है कि समता मूलक चौराहे के निकट गोमती बैराज के कुछ गेट पर मेंटिनेंस का जरूरी काम कराना होना था, जोकि मॉनसून से पहले ही संभव था। इंजिनियरों के अनुसार बैराज का काम पूरा हो चुका है, अब टेस्टिंग चल रही है, जोकि एक-दो दिन में पूरी हो जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो सोमवार शाम को अस्थायी बंधा हटाकर नदी के पानी को खोल दिया जाएगा। सिंचाई विभाग के एक्सईएन मुकेश वैश्य ने बताया कि शारदा कैनाल को शनिवार रात खोल दिया जाएगा। 150 किलोमीटर की दूरी है, 3 दिन में नदी का पानी कठौता झील तक पहुंचने की उम्मीद है, इसके साथ ही कुड़िया घाट पर रोके गए गोमती के पानी को भी चालू कर दिया जाएगा।

