n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य करते हुए देश को मजबूत, समृद्ध और सुरक्षित बनाया है। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, मेट्रो नेटवर्क, हवाई अड्डों और डिजिटल सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है और भारत का रक्षा निर्यात कई गुना बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नेहरू कॉलोनी की जमीन पुनर्वास विभाग के अधीन है, इसलिए वहां भाजपा नेताओं द्वारा जमीन की खरीद-फरोख्त के आरोप बेबुनियाद और सिरे से खारिज करने योग्य हैं।

