n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने रेजिडेंट वेलफेयर असोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। शुक्रवार को 86-एनआईटी और 88-बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बैठकों में अधिकारियों ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से मतदाता जागरूकता और सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। 86-एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अंजलि श्रोत्रिय ने कहा कि आरडब्ल्यूए अपने क्षेत्रों में लोगों तक सीधे पहुंच रखते हैं, इसलिए वे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाएं, सूचना पट्टों, वॉट्सऐप समूहों और सामुदायिक बैठकों के माध्यम से नागरिकों तक निर्वाचन आयोग की जानकारी पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ें।
वहीं 88-बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बैठक में एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी मयंक भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। ऐसे में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि बीएलओ और नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को गति दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के सहयोग से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को SIR-2026 की प्रक्रिया, समय-सीमा और विभिन्न चरणों की जानकारी दी। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने इस अभियान में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

