n NBT न्यूज, गुड़गांव
सेक्टर-47 स्थित मालिबू टाउन में इन दिनों पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। पिछले करीब 25 दिनों से पानी की सप्लाई नहीं मिलने से हजारों निवासी परेशान हैं। भीषण गर्मी में रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
करीब 204 एकड़ में फैली मालिबू टाउन में 10 हजार से अधिक लोग रहते हैं। यहां के निवासियों का कहना है कि पहले के मुकाबले पानी की सप्लाई काफी कम हो गई है। कई जगहों पर पानी का दबाव इतना कम है कि ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। इसके चलते लोगों को निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की जरूरत सबसे ज्यादा होती है, लेकिन ऐसे समय में ही उन्हें पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को पीने के पानी से लेकर नहाने, कपड़े धोने और अन्य घरेलू कामों के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। निवासी तजिंदर सहरावत ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जल संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। टैंकरों के भरोसे व्यवस्था चल रही है, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं है। ऐसे में सोसायटी के हजारों परिवारों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

