n NBT रिपोर्ट, सेक्टर 17: विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब सरकार और समाज मिलकर काम करेंगे। विकसित भारत के निर्माण में प्रबुद्धजनों, विशेषज्ञों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उनके सुझावों और अनुभवों से देश के विकास को नई दिशा और गति मिलती है। यह बातें शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शहर के सेक्टर-17 स्थित ब्लिस प्रीमियर गार्डन में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 12 वर्षों में पारदर्शी और जन-केंद्रित शासन व्यवस्था स्थापित की है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस मौके पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, विधायक मुकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, आर्थिक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि खेत्रपाल आदि उपस्थित रहे। इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा सेक्टर-14 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया।

