सहारनपुर में दो करोड़ से ज्यादा की स्मैक के साथ तस्कर अरेस्ट

नवभारत टाइम्स

सहारनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो करोड़ से अधिक की स्मैक के साथ एक तस्कर को पकड़ा है। नकुड़ पुलिस ने आरोपी के पास से एक किलो से अधिक स्मैक बरामद की है। यह तस्कर गाजियाबाद में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।

सहारनपुर में दो करोड़ से ज्यादा की स्मैक के साथ तस्कर अरेस्ट
सहारनपुर पुलिस ने शनिवार को एक बड़े स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। नकुड़ पुलिस ने आरोपी कोसर के पास से 1 किलो 27 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 2600 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। कोसर पर पहले से ही स्मैक तस्करी के कई मामले दर्ज थे और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

पुलिस लाइन में एसएसपी अभिनंदन सिंह ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी कोसर मूल रूप से नकुड़ थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव का रहने वाला है। हालांकि, वह फिलहाल गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र के पावी सादिकपुर गांव के पास किराए के मकान में रह रहा था। एसएसपी ने बताया कि कोसर काफी समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी जगह बदल-बदलकर अपने तस्करी के नेटवर्क को चला रहा था।
एसएसपी के अनुसार, शनिवार शाम को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नकुड़ पुलिस ने अंबेहटा–गंगोह रोड पर रामसहायवाला गांव के गेट के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने कोसर को पकड़ लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान कोसर ने बताया कि वह 2021 में भी स्मैक तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने कुछ समय तक दूसरे काम किए, लेकिन कमाई कम होने की वजह से उसने 2024 में फिर से स्मैक के कारोबार में कदम रखा। इसी दौरान उसके गांव के एक साथी ने उसकी मुलाकात बरेली के रहने वाले आसिफ से कराई। इसके बाद, कोसर अपने साथियों के साथ मिलकर बरेली से बड़े पैमाने पर स्मैक मंगवाने लगा और उसे सहारनपुर में सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।