NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पोस्ट-बजट वेबिनार में कहा कि भारत अब बीमारी के इलाज से आगे बढ़कर प्रिवेंटिव और होलिस्टिक हेल्थकेयर यानी बीमारी को पहले से रोकने और समग्र स्वास्थ्य पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में सैकड़ों नए मेडिकल कॉलेज खुले हैं, जिससे स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं और लोगों को सस्ता इलाज मिल रहा है। उन्होंने बताया कि दुनिया भर में योग और आयुर्वेद की लोकप्रियता बढ़ रही है और इससे भारत की पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली को वैश्विक पहचान मिल रही है। प्रधानमंत्री ने टेलीमेडिसिन के बढ़ते महत्व पर भी जोर दिया।


