Navy Soldier Accused Of Espionage Sent Photos Of Warships To Isi Arrested By Ats Upon Return From Honeymoon
नेवी के जवान पर ज़ासूसी का आरोप, ATS ने गिरफ्तार किया
नवभारत टाइम्स•
उत्तर प्रदेश एटीएस ने भारतीय नौसेना के एक लांसनायक को गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को युद्धक पोतों की तस्वीरें भेजने का आरोप है। इसके बदले में उसने पैसे लिए थे। हाल ही में शादी करने वाले इस जवान को दुबई से लौटने पर पकड़ा गया। पुख्ता सबूतों के आधार पर यह कार्रवाई हुई है।
यूपी एटीएस ने जासूसी के आरोप में भारतीय नौसेना के एक लांसनायक को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, इस जवान पर आरोप है कि उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट को युद्धक पोतों की तस्वीरें भेजी थीं और इसके बदले में पैसे लिए थे। पुख्ता सबूत मिलने के बाद एटीएस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार लांसनायक को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह 24 वर्षीय लांसनायक 12 जनवरी को छुट्टी पर घर आया था और 19 फरवरी को उसकी शादी हुई थी। जानकारी के मुताबिक, जासूसी से मिले पैसों से उसने अपनी पत्नी के साथ हनीमून पर दुबई की यात्रा की थी। मंगलवार को दुबई से लौटते ही एटीएस ने उसे दबोच लिया। ग्रामीणों का कहना है कि नौसेना में काम करने वाले इस जवान के खर्चे देखकर गांव में हमेशा चर्चा होती रहती थी। वह गांव का पहला ऐसा युवक था जिसने शादी के बाद विदेश में हनीमून मनाया। लांसनायक के पिता शराब ठेके पर काम करते हैं और वह अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा है। एटीएस ने पुख्ता सबूतों के आधार पर यह गिरफ्तारी की है।