रामपुर में छाई धुंध, बस ने ट्रक में मारी टक्कर,10 लोग घायल

नवभारत टाइम्स

रामपुर में घने कोहरे ने कहर बरपाया। दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर बहराइच से मेरठ जा रही बारातियों से भरी बस एक ट्रक से जा टकराई। इस भीषण हादसे में दस से अधिक बाराती घायल हुए हैं। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है।

रामपुर में छाई धुंध, बस ने ट्रक में मारी टक्कर,10 लोग घायल
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

रामपुर जिले में बुधवार सुबह दिल्ली-लखनऊ हाइवे-24 पर बहराइच से मेरठ आ रही बारातियों से भरी बस घने कोहरे के कारण एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में दस से ज्यादा बाराती घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रामपुर जिले में बुधवार सुबह अचानक घना कोहरा छा गया, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली-लखनऊ और दिल्ली-नैनीताल हाइवे सहित प्रमुख मार्गों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस के मुताबिक हादसा थाना मुंडा पांडे क्षेत्र के गणेशपुर घाट के पास हुई। बस में लगभग चालीस लोग सवार थे। सुबह के समय हाइवे पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे विजिबिलिटी कम थी। आगे चल रहे ट्रक में बस पीछे से जा टकराई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हाइवे एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल रामपुर ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन गंभीर घायलों को भर्ती कर लिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल बारातियों ने बताया कि रविनाथ मिश्रा और लाल बिहारी मिश्रा, अनिल पाठक को गंभीर चोटें लगी हैं। रविनाथ और लाल बिहारी मिश्रा अयोध्या के निवासी हैं। अनिल पाठक बहराइच के रहने वाले हैं। बारातियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त कोहरा था।