पानीपत-पंचकूला पुलिस बादशाह को करे गिरफ्तार : महिला आयोग

नवभारत टाइम्स

महिला आयोग ने सिंगर बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। पंचकूला और पानीपत पुलिस को बादशाह को गिरफ्तार करने को कहा गया है। उनका पासपोर्ट जब्त करने और शो रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं। टटीरी गाने के आपत्तिजनक बोलों पर यह कार्रवाई हुई है। बादशाह पेश नहीं हुए, वकीलों ने समय मांगा।

पानीपत-पंचकूला पुलिस बादशाह को करे गिरफ्तार : महिला आयोग
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने सिंगर बादशाह के 'टटीरी' गाने पर आपत्ति जताते हुए शुक्रवार को उनकी गिरफ्तारी का आदेश दिया। उन्होंने पंचकूला और पानीपत के एसपी को बादशाह को गिरफ्तार करने और देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए उनका पासपोर्ट जब्त करने का निर्देश दिया। बादशाह पंचकूला पुलिस द्वारा दर्ज किए गए केस में समन पर पानीपत में पेश नहीं हुए, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई। गाने के आपत्तिजनक बोल और दृश्यों को लेकर महिला आयोग ने बादशाह को नोटिस भेजा था।

महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने 'टटीरी' गाने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने शुक्रवार को पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को आदेश दिया कि वे सिंगर बादशाह को तुरंत गिरफ्तार करें। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि बादशाह देश छोड़कर कहीं भाग न जाएं, इसलिए उनका पासपोर्ट भी जब्त किया जाए। बादशाह को शो करने से भी रोका जाएगा। यह फैसला तब आया जब बादशाह पंचकूला पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले में पानीपत में पेश नहीं हुए।
बादशाह की ओर से पेश हुए वकीलों ने कोर्ट में दलील दी कि वे किसी प्रोफेशनल कमिटमेंट में व्यस्त होने के कारण पेश नहीं हो सके और उन्होंने आयोग से आगे की तारीख मांगी। इससे पहले, 'टटीरी' गाने के आपत्तिजनक लिरिक्स और लड़कियों के शॉट्स को लेकर महिला आयोग ने बादशाह को 6 मार्च को नोटिस भेजकर पानीपत एसपी ऑफिस में पेश होने को कहा था। हालांकि, बादशाह के वकीलों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना पक्ष रखने की अनुमति मांगी थी।

यह पूरा विवाद बादशाह के 'टटीरी' गाने को लेकर शुरू हुआ, जो 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। गाने के रिलीज होते ही महिला आयोग और कई सामाजिक संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया था। गाने में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल और महिलाओं को 'ऑब्जेक्टिफाई' करने का आरोप लगाया गया था। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने इसे असभ्य बताया था। विवाद इतना बढ़ गया कि पंचकूला पुलिस ने गाने को यूट्यूब से भी हटवा दिया था।

विवाद के बाद, बादशाह ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था, "मेरे गाने 'टटीरी' के कुछ बोल और सीन से हरियाणा के कुछ लोगों को ठेस पहुंची है। मैं खुद हरियाणा से हूं। हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दीजिए।" गाने में जींद रोडवेज की बस और नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल का सीन भी दिखाया गया था। विभाग का आरोप है कि इन दृश्यों को दिखाने के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। इस पूरे मामले में बादशाह की गैरमौजूदगी और उनके गानों के आपत्तिजनक कंटेंट को देखते हुए महिला आयोग ने यह सख्त कदम उठाया है।