Wife Along With Lover Brutally Murders Husband Police Apprehends Both
प्रेमी संग की थी पति की हत्या, दोनों अरेस्ट
नवभारत टाइम्स•
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में राजपाल की हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पत्नी रजनी और उसके प्रेमी बंटी को गिरफ्तार किया है। अवैध संबंधों के विरोध पर दोनों ने मिलकर राजपाल की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने राजपाल हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी रजनी और उसके प्रेमी बंटी को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली है।
मोहल्ला आदर्श नगर निवासी राजपाल (50) की 17 मार्च की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पत्नी रजनी का बंटी नाम के युवक से करीब तीन साल से प्रेम संबंध चल रहा था। जब राजपाल को इस बारे में पता चला तो उसने इसका विरोध किया। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे।पति के विरोध से तंग आकर रजनी और उसके प्रेमी बंटी ने मिलकर 17 और 18 मार्च की रात को सोते समय राजपाल पर लाठी से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।