आधुनिक शहर के दावे, सड़कों पर सुरक्षा के इंतज़ाम गायब
आधुनिक शहर के दावे, सड़कों पर सुरक्षा के इंतज़ाम गायब
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nअम्बरीश त्रिपाठी, नोएडा
आधुनिक शहर बनाने के दावों के बीच नोएडा की सड़कों पर बुनियादी सुरक्षा इंतजाम ही नदारद हैं। प्रमुख मार्गों, चौराहों और यू-टर्न पर न तो पर्याप्त डायरेक्शन बोर्ड हैं, न जेब्रा क्रॉसिंग और न ही ट्रैफिक सिग्नल। कई जगह थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग और स्थायी बैरिकेडिंग तक नहीं है। एनबीटी की पड़ताल में सेक्टर-37 से सेक्टर-121, सेक्टर-1 गोल चक्कर और फिल्मसिटी से सेक्टर-70 तक सड़क सुरक्षा व्यवस्था की कई खामियां सामने आईं। इनकी वजह से जहां वाहन चालकों को रास्ता समझने और मोड़ पर संभलने में परेशानी होती है, वहीं पैदल यात्रियों के लिए सड़क पार करना भी जोखिम भरा बना हुआ है।सेक्टर 16 ए फिल्म सिटी से सेक्टर-70 तक रूट पर थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग और स्थायी बैरिकेडिंग ही नहीं है। एलिवेटेड रोड के पिलर नंबर 4, 31, 49, 83, 95, 100, 111, 122 पर बने कट पर डायरेक्शन बोर्ड, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, ब्लिंकर और स्थायी बैरिकेडिंग नहीं हैं। पिलर नंबर 4 के कट के लिए एक बोर्ड दिखा, जो पेड़ों में छिपा होने के चलते दिखाई नहीं देता। पिलर नंबर 118-119 के बीच में टेबल टॉप ब्रेकर बनाया गया है। जिस पर थर्मोप्लास्टिक मार्किंग न होने से लोगों को पता ही नहीं चलता और उछलकर गिर जाते हैं।