रीजनल एयरलाइंस Fly91 नॉर्थ इंडिया की तरफ रूख करने के इरादे जाहिर किए
Maneesh.Aggarwal @timesofindia.com
nनई दिल्ली : दिल्ली, जेवर और हिंडन एयरपोर्ट से कुल्लू, धर्मशाला, पठानकोट और शिमला जैसे शहरों को जोड़ने के लिए 18 मार्च, 2024 को गोवा-बेंगलुरु से अपनी पहली फ्लाइट के रूप में शुरू हुई रीजनल एयरलाइंस Fly91 बड़ी शिद्दत के साथ होमवर्क कर रही है। एयरलाइंस ने साउथ और वेस्ट इंडिया में अपनी पैठ बनाने के बाद अब नॉर्थ इंडिया की तरफ भी रूख करने के अपने इरादे जाहिर किए हैं।छह टर्बोप्रॉप एटीआर-72 जैसे छोटे एयरक्राफ्ट के साथ अपनी उड़ान शुरू करने वाली एयरलाइंस के फाउंडर और सीईओ मनोज चाको ने एनबीटी को बताया कि वर्तमान में उनकी एयरलाइंस की साउथ और वेस्ट इंडिया में गोवा, नवी मुंबई, हैदराबाद, अगाती और तिरुपति जैसे 14 शहरों में हर सप्ताह 354 फ्लाइट हैं। अब नॉर्थ इंडिया पर भी ध्यान देना शुरू कर दिया है। इसके तहत उन्होंने दिल्ली, जेवर और हिंडन एयरपोर्ट और इसके आसपास के एरिया की स्टडी करना भी शुरू कर दिया है। उन्हें नॉर्थ इंडिया में अपना बिजनेस बढ़ाने की काफी अच्छी उम्मीदें हैं। उन्हें लगता है कि दिल्ली, जेवर और हिंडन के आसपास के एरिया में उनकी एयरलाइंस को अच्छा बिजनेस मिल सकता है। जिसमें रीजनल कनेक्टिविटी के रूप में कुल्लू, धर्मशाला, पठानकोट और शिमला जैसे शहरों को वह जोड़ सकते हैं।
चाको ने बताया कि वह उन तमाम शहरों को कनेक्ट करने के प्रयास में हैं, जहां A320 और B737 नेरो बॉडी प्लेन भी टेक ऑफ और लैंड नहीं कर सकते। हालांकि, दिल्ली जैसे देश के सबसे बिजी एयरपोर्ट पर उन्हें एंटर करने में आने वाली चुनौतियों और उड़ान स्कीम को ध्यान में रखते हुए उनकी एयरलाइंस का बड़ा फोकस पहले नंबर पर जेवर और फिर हिंडन एयरपोर्ट पर ही रहेगा। जेवर में अभी ट्रैफिक बहुत कम होने से उन्हें अपनी मनपसंद के स्लॉट भी मिल सकते हैं, जो की दिल्ली में संभव नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि अभी उनके पास छह टर्बो एटीआर-72 प्लेन हैं, 40 का और ऑर्डर दिया है, 10-12 और लिए जाएंगे। कुल मिलाकर अगले पांच साल में उनकी एयरलाइंस कम से कम 60 हवाई जहाज वाली हो जाएगी। देश में रीजनल कनेक्टिविटी के बाद क्या वह इंटरनेशनल सेक्टर में भी फ्लाई करेंगे। इस सवाल के जवाब में चाको ने स्पष्ट किया कि पहले वह डोमेस्टिक डिमांड पूरा करेंगे। इसके बाद इंटरनेशनल के बारे में विचार करेंगे।