माही की नई पारी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
करीब दो दशक तक आईपीएल में नेतृत्व, शांत स्वभाव और मैच फिनिश करने की क्षमता से पहचान बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी अब खिलाड़ी के रूप में नजर नहीं आएंगे। धोनी अपने शालीन व्यवहार के कारण हमेशा प्रशंसकों के पसंदीदा रहे हैं। खिलाड़ी और कप्तान के रूप में उनका सफर, सफलता और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश को कई बड़ी उपलब्धियां और अविस्मरणीय पल देने वाले माही का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अब वह सीएसके के मेंटर के रूप में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। उनकी इस नई भूमिका के लिए पूरे देश की शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

दीपा सिन्हा, ईमेल से
 यूपी में सियासी मुकाबला

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की चुनौती है, वहीं अखिलेश यादव नए राजनीतिक समीकरण बनाने में जुटे हैं। गोरखपुर में उनका 20 किलोमीटर लंबा रोड शो इसी रणनीति का हिस्सा है। पीडीए के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को जोड़ने की कोशिश कितनी सफल होगी, यह चुनाव में स्पष्ट होगा। दूसरी ओर भाजपा विकास, कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, निवेश और धार्मिक पर्यटन को अपनी उपलब्धियों के रूप में पेश करेगी। हालांकि, चुनावी दावों से अधिक जनता वर्तमान कामकाज और जमीनी परिणामों के आधार पर अपना फैसला करेगी।

कांतिलाल मांडोत, ईमेल से

रेकमेंडेड खबरें