n नई दिल्ली: नौसेना के पहले बैच के अग्निवीरों के चार साल पूरे हो गए हैं। इनमें 25% को सीधे स्थायी होने का विकल्प दे दिया गया। बाकी अग्निवीरों को जो योग्यता पूरी करते हैं, उन्हें दो साल के एक्सटेंशन का विकल्प दिया है। इस एक्सटेंशन पीरियड को सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी (TOD) कहा जा रहा है। जब अग्निवीर सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी में चार हफ्ते की ट्रेनिंग पूरी कर लेंगे, तब उन्हें शादी करने की इजाजत दे दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, नेवी के जो अग्निवीर अब एक ब्रेक के बाद अपना दो साल का एक्टेंशन शुरू करेंगे, उन्हें बताया गया है कि जब सेकंड TOD के लिए एनरोलमेंट हो जाएगा, उसके बाद करीब चार हफ्तों की ट्रेनिंग होगी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें शादी की इजाजत मिल जाएगी।अग्निवीरों को सेकंड टीओडी के लिए जो जॉइनिंग इंस्ट्रक्शंस दिए गए हैं, उसमें यह नहीं बताया गया है कि क्या उन्हें चार साल की तरह ही 30 दिन सालाना छुट्टी मिलेगी या फिर ज्यादा छुट्टियां मिलेंगी। अगले महीने सेना और वायुसेना के पहले बैच के अग्निवीरों के भी चार साल पूरे हो जाएंगे।
ACC में एंट्री के योग्य भी माने जाएंगे: सूत्रों ने बताया कि अग्निवीरों को दो साल के एक्सटेंशन पीरियड में ACC यानी आर्मी कैडेट कॉलेज में एंट्री के योग्य माना जाएगा। यानी योग्य अग्निवीर इस एंट्री के जरिए ऑफिसर बन सकते हैं। भारतीय सेना में एसीसी (आर्मी कैडेट कॉलेज) एंट्री के जरिए सेना में पहले से सेवा दे रहे जवानों को अधिकारी बनने का मौका मिलता रहा है। इस एंट्री के लिए सेना के जवान आवेदन करते हैं। चयन प्रक्रिया पास करने के बाद उन्हें एसीसी विंग में 4 साल की ट्रेनिंग और पढ़ाई करनी होती है। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ये कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी बनते हैं और उन्हें लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्ति मिलती है। 2022 में जब अग्निपथ स्कीम लागू हुई तो अग्निवीरों की भर्ती शुरू हुई। चार साल के पीरियड में अग्निवीरों के लिए ACC एंट्री नहीं थी। लेकिन अब दो साल के एक्सटेंशन पीरियड में उनके लिए ये विकल्प खुला रहेगा।