Diseases Attack In Changing Weather Over 2700 Patients In Opd Increased Risk Of Flu And Infections
बदलते मौसम में बीमारियों का हमला तेज़, ओपीडी में मरीज़ों की संख्या 2700 पार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ खांसी, बुखार, सांस संबंधी परेशानी और गले में संक्रमण की शिकायत लेकर मरीज जिला नागरिक अस्पताल पहुंच रहे हैं। सेक्टर-10 स्थित अस्पताल में मंगलवार को विभिन्न विभागों की ओपीडी में कुल 2722 मरीजों ने उपचार के लिए परामर्श लिया। सबसे अधिक मरीज सामान्य मेडिसिन विभाग में पहुंचे, जबकि स्वास रोग और त्वचा रोग विभाग में भी मरीजों की संख्या अधिक रही।अस्पताल की ओपीडी में सामान्य मेडिसिन विभाग में 389 मरीज पहुंचे। नेत्र रोग विभाग में 314, श्वास रोग विभाग में 272 और त्वचा रोग विभाग में 214 मरीजों ने परामर्श लिया। फ्लू क्लिनिक में 200 मरीज पहुंचे, जबकि आपातकालीन विभाग में 174 मरीजों का उपचार किया गया। ईएनटी विभाग में मंगलवार को 134 मरीज पहुंचे। नाक, कान और गले से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित ज्यादा दिखाई दिए। 20 से 40 वर्ष के युवाओं के साथ बच्चे भी इन समस्याओं से प्रभावित हो रहे हैं।
सावधानी बरतने की सलाह : डॉक्टरों ने लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और साफ-सफाई का ध्यान रखने की सलाह दी है। पीएमओ नीना गठवाल ने कहा कि लगातार खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। मरीजों को समुचित उपचार देने के साथ अस्पताल में दवाओं का पर्याप्त स्टाक भी रखा गया है।