अपना घर, फिर भी दूसरा ठिकाना ढूंढने को मजबूर

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gurugram cracks and tilting people forced to leave their homes and live on rent
n NBT न्यूज, गुड़गांव

सुशांत लोक फेज-1 और सेक्टर-31 की दो बिल्डिंगों में दरारें आने और झुकने से लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। त्योहार नजदीक है और इन बिल्डिंगों में रहने वाले लोग मजबूरी में दूसरी जगह घर ढूंढते फिर रहे हैं।
सुशांत लोक फेज-1 के प्लॉट संख्या सी-1769 की मंजूरी रद्द की जा चुकी है। बिल्डिंग पर अंतिम फैसला स्ट्रक्चरल इंजीनियर की रिपोर्ट के कारण अटका हुआ है। इसके साथ लगते प्लॉट सी-1770 में बनी पांच मंजिला इमारत का एक स्ट्रक्चर इंजीनियर पहले ही निरीक्षण कर उसे सुरक्षित बता चुका है। हालांकि, विभाग अब हरियाणा बिल्डिंग नियमों के अनुरूप इमारत के मानकों का आकलन करेगा। इसके लिए दूसरे स्ट्रक्चर इंजीनियर से भी जांच कराई जाएगी। इमारत को निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित पाए जाने और जरूरी प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही सी-1769 में निर्माण की अनुमति देने पर विचार किया जाएगा। दूसरी ओर, सेक्टर-31 की पांच मंजिला बिल्डिंग नंबर-769 में दरारें आने और झुकाव के चलते वहां रह रहे परिवारों को घर छोड़ना पड़ा है। अब वे दूसरे घर की तलाश में भटक रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि अपना घर होने के बावजूद उन्हें किराए के मकान में रहना पड़ेगा। दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर भी वे अपने घर में परिवार के साथ नहीं रह सकेंगे। उनके लिए इस बार त्योहार की खुशियों पर ग्रहण लग गया है। डीटीपी प्लानिंग अधिकारी प्रवीण चौहान के अनुसार, सुशांत लोक की इमारत पर अंतिम निर्णय स्ट्रक्चरल इंजीनियर की रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा। क्षतिग्रस्त हिस्से के पास नींव भरकर दीवार बनाई जा रही है, जिसकी मजबूती की भी जांच की जाएगी।

सर्वे और जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई : एचएसवीपी अधिकारियों ने अगले दो-तीन दिनों में सर्वे और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई किए जाने की बात कही है। फिलहाल, प्रभावित परिवारों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि सुरक्षित घर और स्पष्ट निर्णय के लिए उन्हें आखिर कब तक इंतजार करना पड़ेगा। HSVP गुड़गांव के एस्टेट ऑफिसर राकेश सैनी ने बताया कि स्ट्रक्चर इंजीनियर की रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेकमेंडेड खबरें