Nephew Accused Of Embezzling 25 Lakh Rupees Of Land Compensation
ज़मीन के मुआवजे के 25 लाख रुपये हड़पे, भतीजे पर आरोप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
मानेसर एरिया में जमीन के मुआवजे के रूप में मिली रकम में से करीब 25 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गांव बांस कुशला निवासी एक व्यक्ति ने अपने भतीजे पर मोबाइल के जरिए यूपीआई और नेटबैंकिंग का इस्तेमाल कर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है। पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता बैंक में केवाईसी कराने के दौरान चला। सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।कॉल करने के बहाने फोन लेकर ट्रांसफर किए रुपये: पुलिस के अनुसार, गांव बांस कुशला निवासी टिक्कम ने बताया कि जनवरी 2026 में उन्हें जमीन का मुआवजा मिला था। इसके बाद उनका भतीजा अमित कुमार उनसे नजदीकियां बढ़ाने लगा। आरोप है कि 5 जून को अमित ने कॉल करने के बहाने उनका मोबाइल लिया और 5 हजार रुपये भूपेंद्र चौहान के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 14 जुलाई को टिक्कम अपने बच्चों की फीस भरने स्कूल गए थे। अमित भी उनके साथ था। लौटते वक्त उसने टिक्कम से कहा कि वह उनके मोबाइल में ऐसी सेटिंग कर देगा, जिससे उन्हें फीस भरने के लिए स्कूल नहीं जाना पड़ेगा।
नेटबैंकिंग चालू कर बना दिया आईडी और पासवर्ड: आरोप है कि अमित ने उनके मोबाइल में नेटबैंकिंग चालू कर अपनी मर्जी से आईडी और पासवर्ड बना दिए। उन्हें नेटबैंकिंग के बारे में जानकारी नहीं थी, उन्हें ट्रांजैक्शन के मेसेज भी नहीं मिलते थे। आरोप है कि 5 जून से 28 जुलाई के बीच अमित ने अलग-अलग बहाने से मोबाइल लेकर करीब 25 लाख रुपये भूपेंद्र चौहान, खुशबू लोधी, मोहित मिश्रा, अमित, के.के. सिंह और अमित कुमार के खाते में ट्रांसफर कर दिए।