Fir Filed Against Jamal Ahmed Accused Of Obtaining 3 Passports With Different Names And Addresses
अलग-अलग नाम और पते से बनवाए 3 पासपोर्ट, FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : मलिहाबाद के सैयदवाड़ा निवासी जमाल अहमद पर अलग-अलग जानकारी देकर तीन पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगा है। पुलिस की जांच में 1995, 2006 और 2019 में बने पासपोर्ट में उनका नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और पता अलग-अलग मिला। एसीपी की जांच के बाद शनिवार को मलिहाबाद थाने में जमाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, जमाल अहमद ने पहली बार 10 जनवरी 1995 को पासपोर्ट बनवाया था। इसमें उनका नाम जमाल अहमद, पिता का नाम जान अहमद, मां का नाम नूर बानो और जन्मतिथि 1 जनवरी 1982 दर्ज थी। पता दो बजरिया, मलिहाबाद लिखा था। इसके बाद 12 जुलाई 2006 को बनवाए गए पासपोर्ट में उनका नाम मोहम्मद जमाल कुरैशी दर्ज था। पिता का नाम जान अहमद ही था, लेकिन मां का नाम जफरून निशा और जन्मतिथि 8 मई 1970 दर्ज थी। इस पासपोर्ट में पता सैयदवाड़ा, मलिहाबाद दर्ज कराया गया था। वहीं, 1 फरवरी 2019 को बनवाए गए तीसरे पासपोर्ट में नाम फिर जमाल अहमद दर्ज था। इसमें पिता का नाम महफूज अली, मां का नाम जफरून निशा, पत्नी का नाम साबीना खातून और जन्मतिथि 1 जनवरी 1982 लिखी थी। पता सैयदवाड़ा, मलिहाबाद ही था। जांच में तीनों पासपोर्ट के विवरण में अंतर मिलने के बाद पुलिस ने जमाल के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि एसीपी के आदेश पर दरोगा ने एफआईआर लिखवाई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।