अजय आलोक ने बांकीपुर उपचुनाव, यूसीसी, राम मंदिर दान और विपक्ष की राजनीति पर भाजपा का पक्ष रखा
अजय आलोक ने बांकीपुर उपचुनाव, यूसीसी, राम मंदिर दान और विपक्ष की राजनीति पर भाजपा का पक्ष रखा
NewsPoint•
पटना, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने बिहार की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव, पश्चिम बंगाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने की दिशा में बढ़ते कदम, राम मंदिर दान मामले की जांच, भारत-पाकिस्तान संबंधों पर तीखी टिप्पणी और उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर विपक्ष की राजनीति सहित कई अहम राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने भाजपा का पक्ष मजबूती से रखते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
अजय आलोक ने भारत और पाकिस्तान के 117 बुद्धिजीवियों द्वारा दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से शुरू करने की अपील पर कहा कि इन सभी बुद्धिजीवियों का धन्यवाद है जिन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच 'गुड टॉक्स' की वकालत की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह वकालत पाकिस्तान में भी होनी चाहिए ताकि पाकिस्तान अपनी हरकतों पर लगाम लगा सके। अजय आलोक के अनुसार, जब तक पाकिस्तान अपनी हरकतों पर काबू नहीं पाता, तब तक 'गुड टॉक्स' करने का कोई फायदा नहीं है।राम मंदिर दान मामले की जांच कर रही एसआईटी को 15 दिन का अतिरिक्त समय मिलने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एसआईटी निश्चित रूप से सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। वे पैसों के लेन-देन (मनी ट्रेल) का पता लगा रहे हैं और पिछले 5 सालों का ऑडिट कर रहे हैं, इसलिए उन्हें थोड़ा और समय चाहिए।
पश्चिम बंगाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर होने वाली प्रस्तावित कैबिनेट बैठक पर अजय आलोक ने कहा कि यह सिर्फ पश्चिम बंगाल की बात नहीं है, बल्कि भाजपा शासित सभी राज्यों में धीरे-धीरे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यूसीसी लागू किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती राज्यों पर भाजपा की विशेष नजर है क्योंकि यूसीसी की सबसे ज्यादा जरूरत वहीं महसूस की जा रही है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इंडी गठबंधन में नेतृत्व और सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अजय आलोक ने तंज कसते हुए कहा कि यह 'घमंडियों का गठजोड़' है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि इस गठबंधन का कुछ नहीं होने वाला और वे आपस में ही लड़ेंगे।
30 दिन की सजा होने पर प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री का पद छोड़ने से जुड़े विधेयक पर अजय आलोक ने कहा कि यह भारत की जनता के लिए बहुत अच्छा कानून है और यह देश के संविधान की रक्षा करेगा। उन्होंने अरविंद केजरीवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि हमने देखा कि तीन-तीन महीने जेल में रहने के बाद भी वे मुख्यमंत्री पद पर बने रहे। अगर ऐसी प्रथा चलती रही तो देश का क्या होगा, यह सोचने वाली बात है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा पर भाजपा की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर अजय आलोक ने कहा कि यह सीट उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह सीट उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा खाली की गई है और बांकीपुर की जनता हमेशा से भाजपा को यहां से जिताती आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कोई भी चुनाव आसान नहीं होता है और वे हर चुनाव को एक चुनौती के रूप में लेते हैं। उनकी चुनौती यह है कि जिस सीट को उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खाली किया है, उसे वे पहले से भी बड़े अंतर से जीतें। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता अभी से पूरी तरह जुट गया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के स्थापना दिवस के कार्यक्रम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विदेश दौरे पर टिप्पणी करते हुए अजय आलोक ने कहा कि यह तो होना ही था। उन्होंने कटाक्ष किया कि विदेश जाना ज्यादा जरूरी है, स्थापना दिवस का क्या मतलब है? उन्होंने इसे परिवार की पार्टी बताते हुए कहा कि आज मनाओ या कल, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।