बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा की जीत का दावा, तेजस्वी के बयान पर संजय सरावगी का पलटवार

NewsPoint
Navbharat Times
पटना, 3 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा बांकीपुर की जनता को धन्यवाद देती है क्योंकि उन्होंने नितिन नवीन को विधायक बनाया, जिन्हें पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद बनाया। सरावगी ने विश्वास जताया कि भाजपा-एनडीए समर्थित उम्मीदवार भारी मतों से उपचुनाव जीतेगा। उन्होंने तेजस्वी यादव के कानून-व्यवस्था पर दिए बयान को खारिज करते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज से सुशासन आया है और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सरावगी ने राजद के शासनकाल को अपराध और भ्रष्टाचार से भरा बताया।

संजय सरावगी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को बांकीपुर की जनता धन्यवाद और आभार प्रकट करने वाली है। ऐसा इसलिए है क्योंकि बांकीपुर की जनता ने जिस विधायक को चुना, उसे भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया और राज्यसभा में सांसद भी बनाया। सरावगी ने नितिन नवीन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बांकीपुर के लिए बहुत काम किया है। इसलिए, उन्हें पूरा भरोसा है कि भाजपा भारी मतों से यह उपचुनाव जीतेगी।
उन्होंने आगे कहा कि नितिन नवीन राज्यसभा जाने के बाद भी जब भी बिहार आते हैं, तो बांकीपुर की चिंता करना नहीं छोड़ते। सरावगी ने यह भी कहा कि भाजपा-एनडीए समर्थित जो भी उम्मीदवार होगा, वह अभूतपूर्व मतों से जीतेगा। प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने पर सरावगी ने कहा कि सभी पार्टियां अपने उम्मीदवार उतारती हैं और अपनी-अपनी बातें कहती हैं। लेकिन बांकीपुर की जनता भाजपा-एनडीए समर्थित प्रत्याशी को ही जिताएगी।

कानून-व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर संजय सरावगी ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कहीं बाहर जाना था, इसलिए उन्होंने तीन दिन पहले ही अपनी पार्टी का स्थापना दिवस मना लिया। ऐसा पहली बार देखने को मिला है। सरावगी ने कहा कि तेजस्वी यादव कुछ भी कहें, जनता उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में जंगलराज से सुशासन स्थापित किया गया है। लगातार कार्रवाई की जा रही है।

संजय सरावगी ने बताया कि जो अपराधी नहीं मानते या पुलिस पर हमला करते हैं, उनका एनकाउंटर किया जा रहा है। साथ ही, विकास का काम भी लगातार जारी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कल ही मुख्यमंत्री ने मेट्रो के दो स्टेशनों का शुभारंभ किया है। जहां डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां अब डिग्री कॉलेज खुल रहे हैं। इसलिए, तेजस्वी यादव की बातों को लोग गंभीरता से नहीं लेते।

उन्होंने राजद की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद की सरकार में अपराध और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त था। लालू यादव सजायाफ्ता थे। उन्होंने देश का सबसे बड़ा घोटाला किया। जेल जाते वक्त उन्होंने अपनी निरक्षर पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। उनका अपना नाम लिखना नहीं आता था। राज्य भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार से बहुत मतलब नहीं है।

भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशों पर संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से बिल्कुल सही बात कही गई है। जो भी भ्रष्टाचारी होंगे, चाहे वे कोई भी हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनकी जगह बेऊर जेल होगी। सरावगी ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में अब सुशासन का राज है और विकास के काम तेजी से हो रहे हैं।

रेकमेंडेड खबरें