भारत मालदीव एमओयू: 42 द्वीपों पर बनेंगे फिटनेस और मनोरंजन केंद्र, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा
भारत-मालदीव एमओयू: 42 द्वीपों पर बनेंगे फिटनेस और मनोरंजन केंद्र, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा
NewsPoint•
नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। मालदीव के विदेश मंत्री इरुथिशाम आदम और युवा सशक्तीकरण, खेल एवं फिटनेस मंत्री अब्दुल्ला रफीउ ने भारत सरकार के उदार सहयोग के लिए दिल से आभार व्यक्त किया है। भारत और मालदीव के बीच मालदीव के समुदायों के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस समझौते के तहत, भारत मालदीव के 42 द्वीपों पर फिटनेस और मनोरंजन केंद्र स्थापित करने के लिए उपकरण उपलब्ध कराएगा। दोनों मंत्रियों का मानना है कि इस मदद से मालदीव के लोगों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा। यह समझौता भारत की अनुदान सहायता योजना 'हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स (एचआईसीडीपी)' का हिस्सा है।
यह समझौता विदेश मंत्रालय में संपन्न हुआ, जो दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों में एक और मील का पत्थर साबित हुआ है। मालदीव सरकार की ओर से विदेश मंत्री इरुथिशम आदम ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए। भारत की ओर से मालदीव में भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यम ने हस्ताक्षर किए। वहीं, इस परियोजना को ज़मीनी स्तर पर लागू करने वाली एजेंसी की ओर से मंत्री अब्दुल्ला रफीउ ने अपने हस्ताक्षर किए।विदेश मंत्री इरुथिशम एडम ने इस अवसर पर कहा कि 42 द्वीपों पर फिटनेस और मनोरंजन केंद्रों के लिए उपकरण उपलब्ध कराना वहां के लोगों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि इस पहल से लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरणा मिलेगी। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि इससे महिलाओं और लड़कियों को अच्छी फिटनेस सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। यह कदम महिलाओं के सशक्तिकरण, समानता और सामाजिक भागीदारी को भी बढ़ावा देगा।
वहीं, मंत्री अब्दुल्ला रफीउ ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ये फिटनेस और मनोरंजन केंद्र ऐसे सामुदायिक स्थान बनेंगे जहाँ लोग न केवल स्वस्थ जीवनशैली अपना सकेंगे, बल्कि एक-दूसरे से जुड़ भी सकेंगे। इससे पूरे समुदाय का विकास होगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से हर उम्र के लोगों, खासकर महिलाओं और युवाओं को खेल और मनोरंजन गतिविधियों में भाग लेने के ज़्यादा अवसर मिलेंगे। इससे द्वीपों के लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होगा और उनके समुदाय लंबे समय तक मजबूत और सक्षम बनेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने भारत सरकार की इस उदार मदद के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से मालदीव के लोगों के जीवन में निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव आएगा। विदेश मंत्री इरुथिशम ने विशेष रूप से भारत सरकार और भारत की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की और कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता बहुत अहम रही है।
इसके अलावा, उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एस. जयशंकर ने भारत-मालदीव संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। साथ ही, उन्होंने भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यम और उनकी टीम की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस टीम ने दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करने के लिए लगातार अथक प्रयास किए हैं।
यह समझौता मालदीव के विकास में भारत की सक्रिय भूमिका को दर्शाता है। फिटनेस और मनोरंजन केंद्रों की स्थापना से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक भावना को भी बल मिलेगा। यह पहल मालदीव के दूरदराज के द्वीपों तक विकास के लाभ पहुंचाने की भारत की प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है। इस तरह के सामुदायिक विकास परियोजनाएं दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के संबंधों को और गहरा करेंगी।