राम मंदिर चढ़ावा चोरी: चंपत राय के ड्राइवर समेत 8 पर FIR, विपक्ष हमलावर

NewsPoint
8 fir
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा है कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति, चाहे वह चंपत राय हों या कोई और, कानून के दायरे में आएगा और उसे सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान राम के नाम पर दान की गई राशि का गबन करना न्यायसंगत नहीं है और यदि चंपत राय के खिलाफ सबूत मिले तो उन्हें दंड भुगतना पड़ेगा। नीरज कुमार ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और उन्हें 'नॉन-सीरियस पॉलिटिशियन' बताया, जिनकी तुलना उन्होंने बिहार में कम दिखने वाले तेजस्वी यादव से की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता का काम सरकार की नीतियों के आधार पर वैकल्पिक नीतियां देना है, लेकिन राहुल गांधी ईर्ष्या-द्वेष में राजनीति कर रहे हैं। एलपीजी सप्लाई बहाली पर उन्होंने केंद्र सरकार के फैसले की सराहना की और कहा कि यह वैश्विक संकट के बीच आम लोगों को राहत देने का एक सराहनीय कदम है। पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी की मां के बयान पर उन्होंने कहा कि ऐसे माता-पिता श्रद्धा के पात्र हैं जो अपने बच्चों के अपराध पर कड़ी सजा की मांग करते हैं। पश्चिम बंगाल की सीएजी रिपोर्ट पर उन्होंने कहा कि हंगामा वही करेगा जिसने वित्तीय अनियमितताएं की होंगी। कर्नाटक में ईडी की शराब घोटाले पर कार्रवाई को उन्होंने जरूरी बताया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज में लापरवाही के आरोप पर उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों का संचालन मानकों के अनुसार नहीं होता और जांच के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

राम मंदिर में चढ़ावे की राशि चोरी होने के मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गुरुवार को ट्रस्ट महासचिव चंपत राय के ड्राइवर सहित आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। हालांकि, इस FIR में चंपत राय का नाम शामिल नहीं है। इस बात को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि चाहे चंपत राय हों या मंपत राय, अगर वे अपराध करेंगे तो जेल जाएंगे। नीरज कुमार ने शुक्रवार को बातचीत के दौरान कहा कि भगवान राम के नाम पर लोगों ने श्रद्धा से जो आर्थिक सेवा दी है, उस राशि का कोई गबन कर ले, यह कहीं से भी सही नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि उनके खिलाफ सबूत होंगे तो वे आज नहीं तो कल कानून के दायरे में आएंगे। कानून के दायरे में आने के साथ-साथ उन्हें प्रभु श्रीराम का दंड भी भुगतना पड़ेगा।
नीरज कुमार ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को 'नॉन-सीरियस पॉलिटिशियन' करार दिया। उन्होंने कहा कि जैसे तेजस्वी यादव बिहार में कम दिखाई देते हैं, वैसे ही राहुल गांधी का हाल है। नीरज कुमार ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उनका आचरण संसदीय लोकतंत्र के लिए बहुत जरूरी है। उनका यह दायित्व है कि वे सरकार की नीतियों के आधार पर वैकल्पिक नीतियां जनता के सामने रखें। लेकिन, वे ईर्ष्या और द्वेष में राजनीति के उच्च रक्तचाप का शिकार हो गए हैं।

एलपीजी सप्लाई की बहाली पर बात करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण हमारा देश पेट्रोलियम के मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर नहीं है। लेकिन, सरकार की चिंता यह रहती है कि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यदि ऐसा कोई नीतिगत निर्णय लिया है, तो यह वाकई सराहनीय है। यह आर्थिक चुनौती के बीच वैश्विक संकट से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बधाई के पात्र हैं।

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने कहा है कि यदि उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि ऐसे माता-पिता निश्चित रूप से श्रद्धा के पात्र हैं। उन्होंने अपने संतान के कृत्य पर यह कहा कि यदि उसने ऐसा अपराध किया है तो उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। यह एक माता-पिता के अपने दायित्व का उचित निर्वहन है।

पश्चिम बंगाल में चार साल से लंबित सीएजी (Comptroller and Auditor General) रिपोर्ट विधानसभा में पेश होने को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। इस पर नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि आखिर सियासत का विषय क्या है? उन्होंने कहा कि भारत के महालेखा नियंत्रक एवं परीक्षक की रिपोर्ट पर हंगामा तो वे लोग करेंगे जिन्होंने वित्तीय अनियमितताएं की होंगी। विपक्ष के नेता ही इसके लिए जिम्मेदार होते हैं। यदि टीएमसी (Trinamool Congress) की ओर से पहले ही प्रतिक्रिया दी जा रही है, तो इसका सीधा मतलब है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है।

कर्नाटक में ईडी (Enforcement Directorate) ने आबकारी विभाग में बड़े भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के नेटवर्क का दावा किया है। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि यदि ईडी ने कार्रवाई की है और शराब जैसे सामाजिक मुद्दे में अनियमितताएं सामने आई हैं, तो इसकी जांच बहुत जरूरी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल मामले में इलाज में लापरवाही के आरोप पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जांच के आदेश दिए हैं। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में ऐसे सवाल इसलिए उठते हैं, क्योंकि निजी अस्पतालों का संचालन अक्सर तय मानकों के आधार पर नहीं हो पाता है। यदि किसी मरीज के साथ लापरवाही हुई है या एसओपी (Standard Operating Procedure) का पालन नहीं हुआ है, तो जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद चाहे फोर्टिस हो या कोई अन्य बड़ा अस्पताल, उनके प्रबंधन पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

रेकमेंडेड खबरें