राजपाल यादव का पिटना फिल्मों में सफलता का राज, रोहित शर्मा के शो में की मजेदार बात

NewsPoint•
Navbharat Times
मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव ने हाल ही में एक शो में बताया कि उनकी कई हिट फिल्मों में एक चीज कॉमन है - उनकी पिटाई। उन्होंने यह भी कहा कि जिन फिल्मों में उन्हें पिटते दिखाई दिया, वे फिल्में अक्सर हिट होती हैं। ये बातें उन्होंने रोहित शर्मा के शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में बताई। रोहित ने राजपाल से मजाक किया, ''राजपाल सर, आपकी 'भागम भाग', 'खट्टा मीठा', 'भूल भुलैया' और और भी कई फिल्मों में एक चीज कॉमन रही है, आपकी पिटाई। क्या पिटाई आपका लकी चार्म है?'' इस पर राजपाल ने हंसते हुए उत्तर दिया, ''हां, जिसमें हम पिटते थे, वो फिल्म हिट होती है।''

राजपाल यादव अपनी अदाकारी और कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। वे ऐसी कई फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जिनमें उनका किरदार हमेशा अजीबोगरीब हालात में फंसता है। इन फिल्मों में कॉमेडी और उनके साथ होने वाली पिटाई दर्शकों का खूब मनोरंजन करती है।
उनकी सबसे प्रसिद्ध फिल्मों में 'भागम भाग' शामिल है, जिसमें उन्होंने गुल्लू का रोल किया था। फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और गोविंदा भी थे। इसी तरह, 2007 में आई 'भूल भुलैया' में उनका छोटा पंडित का किरदार बहुत ही लोकप्रिय हुआ। इस फिल्म में उनका किरदार कई मजेदार और उलझन भरे हालातों में फंसा दिखता है।

राजपाल यादव का करियर कॉमेडी फिल्मों से भरा हुआ है। 'हंगामा', 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम', 'चुप चुप के', 'ढोल', 'पार्टनर', 'दे दना दन' और 'फिर हेरा फेरी' जैसी कई हिट फिल्मों में उन्होंने अपने अद्वितीय अंदाज से दर्शकों को हंसाया है।

उनकी पिटाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने अपने अंदाज में यह स्वीकार कर लिया कि ये उनके लिए लकी होती हैं। राजपाल यादव की इस बात पर हंसते हुए दर्शकों ने तालियां बजाईं। उनकी फिल्में हमेशा दर्शकों के दिलों में एक खास जगह रखती हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग और मजेदार अंदाज उन्हें बॉलीवुड में एक अलग पहचान देते हैं। राजपाल यादव का करियर साबित करता है कि कॉमेडी में पिटाई का भी अपना ही एक महत्व होता है।

रेकमेंडेड खबरें