निर्देशक मधुमिता की अपील: महिला निर्देशक कहने के बजाय बस 'निर्देशक' कहा जाए
निर्देशक मधुमिता की अपील: महिला निर्देशक कहने के बजाय बस 'निर्देशक' कहा जाए
NewsPoint•
मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक मधुमिता अपनी नई साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'जॉन डो' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में अभिनेता अर्जुन दास मुख्य भूमिका में हैं। मधुमिता ने ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक खास अपील की कि उन्हें 'महिला निर्देशक' कहने के बजाय सिर्फ 'निर्देशक' कहा जाए। उनका कहना है कि ऐसा करने से फिल्म की छवि बनाने में मदद मिलती है, जो सही नहीं है। 'जॉन डो' के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है, जिसमें एक बच्चे के लापता होने का रहस्य देखने को मिलेगा। फिल्म 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
मधुमिता ने मीडिया से अपनी अपील में कहा, "मेरी एक छोटी-सी गुजारिश है। जब आप किसी फिल्म का रिव्यू करें, तो यह न लिखें कि किसी महिला निर्देशक की फिल्म अच्छी है या खराब। सिर्फ इतना लिखें कि फिल्म अच्छी है या खराब। यह आपका अधिकार है।" उन्होंने अपनी बात को समझाते हुए कहा कि जब किसी भी पहचान के साथ जेंडर जोड़ा जाता है, तो इससे फिल्म की छवि पहले से ही बन जाती है। उन्हें गर्व है कि वे एक महिला हैं, लेकिन वे चाहती हैं कि उनकी फिल्म का मूल्यांकन सिर्फ उनकी क्रीएटिविटी पर किया जाए। लोग अक्सर मान लेते हैं कि महिला निर्देशक केवल रोमांटिक या हल्की-फुल्की फिल्में बनाएंगी। इसलिए वह चाहती हैं कि उन्हें सिर्फ 'निर्देशक' कहा जाए।'जॉन डो' फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता पैदा की है। ट्रेलर की कहानी एक छोटे लड़के और उसकी बड़ी बहन से शुरू होती है। दोनों रात में खाना लेने के लिए बाहर जाते हैं। जब बहन अपने छोटे भाई से स्कूप आइसक्रीम लाने को कहती है, तो वह थोड़ी देर बाद उसे नहीं देखती और घबरा जाती है। जब वह घर जाकर अपनी मां को बताती है, तो मां-बेटी मिलकर बच्चे की तलाश शुरू करती हैं।
फिल्म में यह भी दिखाया गया है कि यह परिवार हाल ही में दुबई से भारत वापस आया है। बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई जाती है। इसके बाद दो पुलिस अधिकारी, अर्जुन दास और संचना नटराजन, इस मामले की जांच शुरू करते हैं। शुरुआत में यह एक सामान्य लापता बच्चे का मामला लगता है, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, मामला और भी रहस्यमय होता जाता है। इसी गुत्थी को सुलझाने की कहानी फिल्म में दिखाई जाएगी।
अर्जुन दास इस फिल्म में चंद्रू नाम के किरदार में नजर आएंगे और खास बात यह है कि वे पहली बार पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्माण उस प्रोडक्शन हाउस के तहत हो रहा है, जिसने 'बाहुबली' जैसी सफल फिल्म बनाई है। शोबू यारलागड्डा और प्रसाद देवीनेनी इसके निर्माता हैं, जबकि किशोर केदारी और मधुमिता सह-निर्माता के रूप में काम कर रहे हैं। सौम्या शर्मा ने क्रिएटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है।
फिल्म 'जॉन डो' 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। मधुमिता की यह फिल्म दर्शकों को थ्रिलर का नया अनुभव देने का वादा करती है और यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म को कैसे रिस्पॉन्स मिलता है।
मधुमिता ने इस फिल्म से दर्शकों के दिल को छूने का उत्साह दिखाया है। उनकी संजीदगी और मेहनत इस फिल्म में नजर आएगी। 'जॉन डो' एक ऐसी फिल्म हो सकती है, जो न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि दर्शकों को सोचने पर भी मजबूर करेगी।