आरआरबी ने 191 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया, आवेदन आज से शुरू

NewsPoint•
191
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। रेलवे में काम करने का सपना देखने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आइसोलेटेड श्रेणियों में 191 पदों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हुई है और अंतिम तिथि 4 दिसंबर है। अभ्यर्थी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यहां, अभ्यर्थियों के लिए कई पद हैं जैसे चीफ लॉ असिस्टेंट, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर, और अन्य।

आरआरबी ने जो 191 रिक्तियाँ निकाली हैं, उनके अंतर्गत कई पद शामिल हैं। इनमें चीफ लॉ असिस्टेंट (कार्मिक) के 17, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (कार्मिक) के 21, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर (कमर्शियल) के 8, जूनियर ट्रांसलेटर/हिंदी (कार्मिक) के 79, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर (कार्मिक) के 27, साइंटिफिक असिस्टेंट (आरडीएसओ) के 3 और लैब असिस्टेंट ग्रेड III (केमिस्ट एंड मेटालर्जिस्ट) - मैकेनिकल (सीएमटी) के 36 पद शामिल हैं। ये सभी पद विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों में भरे जाने हैं जैसे आरआरबी अजमेर, बेंगलुरु, भोपाल, और अन्य।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और हर किसी को अपनी आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर से पहले तक करें। आवेदकों के लिए एप्लीकेशन फीस जमा करने की अंतिम तारीख 6 दिसंबर है। यदि किसी अभ्यर्थी ने फार्म में कोई गलती कर दी है, तो वे 7 दिसंबर से 16 दिसंबर तक सुधार कर सकते हैं।

उम्मीदवारों के लिए शिक्षा योग्यता 12वीं (साइंस)/संबंधित डिग्री/पोस्टग्रेजुएट या प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन होनी चाहिए। न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पदों के अनुसार 30 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 से होगी। आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया में विभिन्न स्टेप्स होंगे। जिसमें आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), अनुवाद परीक्षा जहां लागू हो, शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेजों की पुष्टि, और चिकित्सा जांच शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 19,900 से 44,900 रुपए वेतन मिलेगा और इसके अलावा अन्य लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।

आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। सामान्य/ओबीसी-एनसीएल/ईडब्ल्यूएस के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपए है, जबकि एससी/एसटी/महिलाएं/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व सैनिक/ट्रांसजेंडर/आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के लिए यह शुल्क 250 रुपए है।

अंत में, भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए सभी अभ्यर्थियों को आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जारी नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है। नौकरी पाने का यह अच्छा मौका है, इसलिए सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से निवेदन है कि समय पर आवेदन करें। --आईएएनएस डीके/एबीएम

रेकमेंडेड खबरें