आरआरबी ने आइसोलेटेड श्रेणियों में 191 पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की, आवेदन 5 नवंबर से शुरू

NewsPoint•
191 5
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। रेलवे में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक खुशखबरी आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आइसोलेटेड श्रेणियों के लिए 191 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती उन लोगों के लिए है जो रेलवे में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं। आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो गई है और अंतिम तिथि 4 दिसंबर है।

इन 191 रिक्तियों में विभिन्न पद शामिल हैं। इनमें चीफ लॉ असिस्टेंट (कार्मिक) के 17 पद, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (कार्मिक) के 21 पद, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर (कमर्शियल) के 8, जूनियर ट्रांसलेटर/हिंदी (कार्मिक) के 79, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर (कार्मिक) के 27, साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) - (आरडीएसओ) के 3, और लैब असिस्टेंट ग्रेड III (केमिस्ट एंड मेटालर्जिस्ट) - मैकेनिकल (सीएमटी) के 36 पद हैं।
आरआरबी ने विभिन्न क्षेत्रों में ये पद जारी किए हैं। जैसे आरआरबी अजमेर में 2, आरआरबी बेंगलुरु में 4, आरआरबी भोपाल में 3, आरआरबी भुवनेश्वर में 6, आरआरबी बिलासपुर में 1, आरआरबी चंडीगढ़ में 31, आरआरबी चेन्नई में 11, आरआरबी गोरखपुर में 15, आरआरबी गुवाहाटी में 30, आरआरबी जम्मू-श्रीनगर में 8, आरआरबी कोलकाता में 31, आरआरबी मुंबई में 12, आरआरबी पटना में 1, आरआरबी प्रयागराज में 7, आरआरबी सिकंदराबाद में 21 और आरआरबी सिलीगुड़ी में 8 पद हैं।

उम्मीदवारों के लिए 5 नवंबर से आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर है। आवेदकों को आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। इसके अतिरिक्त, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर रखी गई है। यदि किसी आवेदक का आवेदन पत्र में कोई गलती होती है, तो फॉर्म में सुधार करने की सुविधा 7 दिसंबर से 16 दिसंबर तक उपलब्ध होगी।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 12वीं (साइंस), संबंधित डिग्री, पोस्ट ग्रेजुएट या प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन होना चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार बनाकर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट मिलेगी।

अंतरिक्ष में योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), अनुवाद परीक्षा, शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा जांच के आधार पर होगा। चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 19,900 से 44,900 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य/ओबीसी-एनसीएल/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए और एससी/एसटी/महिलाएं/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व सैनिक/ट्रांसजेंडर/अल्पसंख्यक/आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के लिए 250 रुपए तय किया गया है।

अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत नोटिफिकेशन चेक करें।

रेकमेंडेड खबरें