बिहार में छठ महापर्व के लिए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
बिहार में छठ महापर्व के लिए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
NewsPoint•
पटना/गयाजी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में दीपावली के बाद अब छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। यह महापर्व खासतौर पर सूर्य देव को समर्पित है और इसे चार दिन तक मनाया जाता है। प्रशासन इस पर्व के लिए घाटों की सफाई, सुरक्षा, और अन्य जरूरी इंतजाम करने में जुट गया है। जहां पटना से लेकर गया तक प्रशासन सक्रिय है, वहीं श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पूरी कोशिश की जा रही है।
पटना में, जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि “श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के आने की संभावना है, इसलिए सभी तैयारियां समय पर होनी चाहिए।” उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने और पानी के अंदर भी सामान्य गहराई तक बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरकर वहां “खतरनाक घाट” लिखने का भी आदेश दिया गया है। इसके अलावा, श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की जा रही है। इसमें वाहन पार्किंग, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत और आवागमन की बेहतर व्यवस्था शामिल है। जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, पेयजल, चेंजिंग रूम, और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था जुटाने पर जोर दिया है। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा के लिए प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात की जाएंगी। साथ ही, पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सहायता के लिए मुस्तैद रहेंगे।
गया में, जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने अलग-अलग छठ घाटों का निरीक्षण किया। पितामहेश्वर घाट और उत्तर मानस तालाब पर बैरिकेडिंग, वॉच टावर, रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था का आदेश दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि पितामहेश्वर घाट पर 50 हजार से अधिक श्रद्धालु आते हैं। इस कारण भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा।
गया में घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नाले पर लोहे की शीट बिछाने का निर्देश भी दिया गया है। ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई कठिनाई न हो। सूर्यकुंड घाट परमुख्यता में अतिरिक्त श्रद्धालुओं को फल्गु नदी की ओर व्यवस्थित तरीके से भेजने के लिए भी तैयारी की गई है। एसडीआरएफ की टीम भी वहां तैनात रहेगी।
गयाजी डैम और देवघाट पर नदी का पानी साफ करने, बैरिकेडिंग को मजबूत करने और चेंजिंग रूम की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही, छठ के पारंपरिक लोकगीतों का प्रसारण करने की बात भी कही गई।
अधिकारियों ने सीता कुंड, मानपुर सूर्य पोखर, केंदुई और पॉलिटेक्निक घाट का भी निरीक्षण किया। मानपुर सूर्य पोखर में जलजमाव हटाने के लिए जेसीबी लगाई जाएगी, और जल निकासी की व्यवस्था का ध्यान रखा जाएगा। साथ ही, केंदुई घाट पर सफाई, सामग्रियों के रखरखाव और सुरक्षा के लिए जरूरी साइनेज लगाने का भी निर्देश दिया गया है।
अंत में, प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को कह दिया है कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जानी चाहिए। ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
इस पर्व के दौरान सभी संभावित परेशानी से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालु महापर्व का आनंद ले सकें।