बिहार में छठ महापर्व की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान
बिहार में छठ महापर्व की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान
NewsPoint•
पटना/गयाजी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में दीपावली का त्योहार खत्म होते ही लोक आस्था का पर्व छठ के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। प्रशासन ने घाटों की सफाई, मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त करने में जुट गया है। पटना से गया तक हर जगह तैयारियों का सिलसिला तेज कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है, जिससे कि छठव्रति आसानी से अर्घ्य अर्पित कर सकें।
पटना में, पड़ोसी जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसलिए जिलाधिकारी ने घाटों पर बैरिकेडिंग को मजबूत करने के साथ-साथ पानी के अंदर भी निर्धारित गहराई तक बैरिकेडिंग लगाने को कहा है। उन्होंने खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरने और वहां 'खतरनाक घाट' लिखा जाने का भी निर्देश दिया। साथ ही, श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत और आवागमन में सुगमता के लिए व्यवस्था करने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने घाटों पर उचित रोशनी, सजावट, स्वच्छता, पेयजल, चेंजिंग रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर, प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात की जाएंगी। इसके अलावा, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सहायता के लिए तैयार रहेंगे।
वहीं, गया में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने शहर के छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने पितामहेश्वर घाट और उत्तर मानस तालाब पर बैरिकेडिंग, वॉच टावर, रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि पितामहेश्वर घाट पर 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए भीड़ प्रबंधन पर खास ध्यान देने की आवश्यकता है।
गया में घाट तक पहुंचने वाले रास्ते पर नाले पर लोहे की मजबूत शीट बिछाने का भी निर्देश दिया गया ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई कठिनाई न हो। सूर्यकुंड घाट पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त श्रद्धालुओं को फल्गु नदी के घाटों की ओर भेजने और एसडीआरएफ की टीम को तैनात करने का भी कहा गया है। गयाजी डैम और देवघाट पर नदी के पानी की सफाई, बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए हैं।
साथ ही, छठ पर पारंपरिक लोकगीतों का प्रसारण करने को कहा गया है। सीता कुंड, मानपुर सूर्य पोखर, केंदुई और पॉलिटेक्निक घाट का भी निरीक्षण किया गया। मानपुर सूर्य पोखर में जलजमाव हटाने के लिए जेसीबी लगाने और जल निकासी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। केंदुई घाट पर सफाई, पहुंच पथ का समतलीकरण, वॉच टावर और साइनेज लगाने का आदेश दिया गया है। पॉलिटेक्निक घाट पर झाड़ियों और गंदे पानी की सफाई कराई जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है। ताकि श्रद्धालु एक सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। इस पर्व के प्रति लोगों की आस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा हुआ है।