इंदौर में हुआ ऐतिहासिक हिंगोट युद्ध, हजारों की संख्या में दर्शकों ने देखा अद्भुत नजारा

NewsPoint•
Navbharat Times
इंदौर, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में, गौतमपुरा में दीपावली के दूसरे दिन एक अनोखी परंपरा का आगाज़ हुआ है। यहां हर साल हिंगोट युद्ध होता है। इस साल भी इसका आयोजन हुआ है। यह युद्ध देवनारायण मंदिर के पास खुले मैदान में हो रहा है। यहां आग के गोले आसमान में उड़ते हुए दिख रहे हैं। यह हिंगोट युद्ध, तुर्रा और कलंगी नामक दो दलों के बीच हो रहा है। इस युद्ध को देखने के लिए हजारों लोग यहां जमा हुए हैं।

इस दौरान दर्शकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। मैदान के चारों ओर जाली लगाई गई है और सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं। साथ ही, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परंपरा कई सालों से चली आ रही है। इसमें दोनों दल एक-दूसरे पर हिंगोट से हमला करते हैं। पिछले सालों में भी कुछ लोग घायल हो गए थे। मगर, इस बार प्रशासन ने युद्ध में भाग लेने वालों को हेलमेट पहनने और सुरक्षा कवच लेने की सलाह दी है।
हिंगोट युद्ध की तैयारी यहां के लोग एक महीने पहले से शुरू करते हैं। हिंगोरिया, एक नारियल जैसा फल है। इसे छेद कर उसके अंदर का हिस्सा निकाल लिया जाता है। फिर इसे सुखाकर बारूद भर दिया जाता है। अंत में, इसमें एक लकड़ी लगाई जाती है। युद्ध के दौरान इस हिंगोट में आग लगाकर एक-दूसरे पर फेंका जाता है। इससे ऐसा लगता है जैसे आसमान में आग के गोले उड़ रहे हैं।

इस अनोखी परंपरा के पीछे एक इतिहास है। लोग बताते हैं कि यह परंपरा करीब 200 वर्ष पुरानी है। यह होलकर काल से शुरू हुई। उस समय के स्थानीय योद्धा मुगलों की सेना से मुकाबला करने के लिए हिंगोट का इस्तेमाल करते थे। वे इसमें बारूद भरकर इसे हथियार के रूप में इस्तेमाल करते थे। उस बहादुरी की याद में आज भी यहां के लोग हिंगोट युद्ध का आयोजन करते हैं।

तो, इंदौर का हिंगोट युद्ध केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह एक संस्कृति और परंपरा की पहचान है। इसकी अद्वितीयता और जोश हर साल लोगों को आकर्षित करता है। दर्शक इस नजारे का आनंद लेते हैं और स्थानीय लोग गर्व के साथ अपने अतीत को याद करते हैं। --आईएएनएस एसएनपी/एएसएच

रेकमेंडेड खबरें