IPL 2026: KKR की पहली जीत की तलाश जारी, सलामी जोड़ी और मिडिल ऑर्डर की समस्या

Others

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम को अपनी पहली जीत के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सलामी जोड़ी का प्रदर्शन चिंताजनक है। कैमरून ग्रीन का बल्ला खामोश है। मिडिल ऑर्डर में भी रन नहीं बन रहे हैं। गेंदबाजी भी कमजोर साबित हो रही है।

ipl 2026 kkrs search for first win continues opening pair and middle order problems severe
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सफर अब तक निराशाजनक रहा है। तीन मैच खेलने के बावजूद टीम को अपनी पहली जीत का इंतजार है। तीन बार की चैंपियन केकेआर कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, जिनमें सलामी जोड़ी का संघर्ष, कैमरून ग्रीन का खराब फॉर्म, मिडिल ऑर्डर की कमजोरी और गेंदबाजी का लचर प्रदर्शन शामिल है। अगर इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो टीम को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

केकेआर की शुरुआत इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। टीम को अपनी पहली जीत के लिए अभी भी संघर्ष करना पड़ रहा है। तीन मुकाबले खेलने के बाद भी केकेआर के खाते में एक भी जीत नहीं आई है। यह स्थिति तीन बार की चैंपियन टीम के लिए चिंता का विषय है। टीम के सामने कई ऐसी परेशानियां हैं, जिन पर अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो आगे का सफर और मुश्किल हो सकता है।
टीम की सबसे बड़ी चिंताओं में से एक है सलामी जोड़ी। इस सीजन में केकेआर के लिए पारी की शुरुआत फिन एलन और अजिंक्य रहाणे कर रहे हैं। फिन एलन भले ही कुछ आक्रामक शॉट खेल रहे हों, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। वहीं, अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन चिंताजनक है। वह कुछ अच्छे शॉट लगाने के बाद पावरप्ले में काफी धीमे पड़ जाते हैं। यह जोड़ी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में असफल साबित हो रही है।

ऑक्शन में कैमरून ग्रीन पर केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे। लेकिन, ग्रीन अपनी पीठ की चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट का हवाला देते हुए शुरुआती मैचों में गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। बल्लेबाजी में भी वह नंबर तीन पर आकर कोई खास कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं। तीन मैचों के बाद उनके बल्ले से सिर्फ 24 रन निकले हैं। यह प्रदर्शन उनकी महंगी कीमत के हिसाब से बिल्कुल भी संतोषजनक नहीं है।

मिडिल ऑर्डर भी केकेआर के लिए एक बड़ी समस्या बना हुआ है। अंगकृष रघुवंशी ने नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए कुछ अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल पा रहा है। रिंकू सिंह, जो आमतौर पर टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभाते हैं, उन्हें इस सीजन नंबर पांच पर उतारा जा रहा है। उन्होंने दो पारियों में 68 रन बनाए हैं, लेकिन उनका विस्फोटक अंदाज देखने को नहीं मिला है। रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन से भी टीम को हर मैच में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सुनील नरेन को नंबर 8 पर भेजा गया था और वह सिर्फ 12 रन ही बना सके थे। रमनदीप ने 10 रन बनाए, जबकि अनुकूल रॉय बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। मिडिल ऑर्डर में अनुभवी या बड़े नाम वाले बल्लेबाजों की कमी साफ तौर पर खल रही है।

गेंदबाजी भी केकेआर के लिए सिरदर्द साबित हो रही है। तेज गेंदबाजी को टीम की सबसे कमजोर कड़ी माना जा रहा था और यह बात शुरुआती मैचों में सच साबित हुई है। वैभव अरोड़ा और ब्लेसिंग मुजरबानी काफी महंगे साबित हुए हैं। कार्तिक त्यागी भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं। पेस अटैक के साथ-साथ स्पिन विभाग में भी वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन का खराब फॉर्म टीम की परेशानियों को बढ़ा रहा है। पिछले कुछ सालों से केकेआर इन दोनों गेंदबाजों पर काफी निर्भर रही है, और उनका यह लचर प्रदर्शन टीम को भारी पड़ रहा है। वरुण और नरेन की जोड़ी का फॉर्म में न होना टीम की हार का एक बड़ा कारण बन रहा है।

रेकमेंडेड खबरें