n NBT न्यूज, गुड़गांव: नेहरू स्टेडियम स्थित प्रदेश के पहले खेल हॉस्टल पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। बरसों से जर्जर पड़ी इस दो मंजिला इमारत को तोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 7 लाख का खर्च निर्धारित किया है। बजट जारी होते ही तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि खेल निदेशालय की ओर से रिपोर्ट मांगी गई थी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर PWD से भवन तोड़ने की लागत का आकलन कराया गया। इसमें करीब सात लाख रुपये का अनुमान सामने आया है। विभाग द्वारा जल्द ही राशि उपलब्ध कराए जाने की उम्मीद है। 2015 से हॉस्टल भवन बंद है। इस पर मुख्यमंत्री ने पुराने भवन को गिराकर नई इमारत बनाने की घोषणा की थी। नेहरू स्टेडियम में 1982 में बने इस खेल हॉस्टल में ऐथलेटिक्स, हॉकी, जिम्नैस्टिक्स आदि के खिलाड़ी रहते हैं।

