सौंदर्या ने जीता ट्रिपल क्राउन

नवभारतटाइम्स.कॉम
सौंदर्या ने जीता ट्रिपल क्राउन
nNBT न्यूज, लखनऊ : तेज व सटीक सर्विस, बेसलाइन से आक्रामक खेल और बेहतरीन बैकहैंड-फोरहैंड शॉट्स के दम पर यूपी की सौंदर्या जायसवाल ने शुक्रवार को आइटा चैंपियनशिप सीरीज में तीन-तीन खिताब अपने नाम कर 'ट्रिपल क्राउन' हासिल किया।

गोमती नगर स्थित विजयंत खंड, मिनी स्टेडियम पर गर्ल्स U-16 वर्ग के फाइनल में गैर-वरीय सौंदर्या ने गजब के जोश का प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल की आठवीं वरीय आशिका जायसवाल को 9-4 से मात दी। वहीं, U-14 वर्ग में दूसरी वरीय सौंदर्या ने चौथी वरीय आशी किरन के खिलाफ एकतरफा अंदाज में खेलते हुए 9-2 से खिताबी जीत दर्ज की। इसके बाद U-16 युगल वर्ग में सौंदर्या ने आदित्री सिंह के साथ जोड़ी बनाकर पश्चिम बंगाल की अहाना दास व आशिका जायसवाल को हरा तीसरी ट्रोफी अपने नाम की।
तेजस और रोहिन का उलटफेर : बालक U-14 वर्ग के खिताबी मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त तेजस सिंह (यूपी) ने शीर्ष वरीय रबीब अली खान को 9-7 से हराकर उलटफेर किया। उधर, U-16 वर्ग में पांचवें वरीय रोहिन राज ने विराट सिंह को 9-2 से शिकस्त दी।

रोहिन को दोहरी सफलता : U-16 बालक युगल वर्ग में रोहिन राज ने विराट सिंह के साथ जोड़ी बनाकर दोहरी सफलता हासिल की। दिन के इकमात्र टाईब्रेक तक खिंचे इस मुकाबले में रोहिन और विराट की जोड़ी ने किंजल्क श्रीवास्तव व ऋषांत जायसवाल को हराया।