CM बोले, सेंट्रल टैक्स से हमें मिलेंगे एक लाख करोड़ रुपये

नवभारत टाइम्स

हरियाणा को केंद्रीय करों से एक लाख करोड़ रुपये मिलेंगे। यह राशि 16वें वित्त आयोग की अवधि में प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि केंद्रीय बजट देश और प्रदेश के लिए लाभकारी है। सार्वजनिक पूंजीगत व्यय में वृद्धि से प्रदेश को लाभ होगा। युवा कौशल विकास और स्टार्टअप के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

CM बोले, सेंट्रल टैक्स से हमें मिलेंगे एक लाख करोड़ रुपये
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार का नया बजट देश और प्रदेश दोनों के लिए बहुत फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि 2026 से 2031 तक के लिए वित्त आयोग की सिफारिशों को मान लिया गया है। इससे हरियाणा को केंद्रीय करों में मिलने वाला हिस्सा 1.093 प्रतिशत से बढ़कर 1.361 प्रतिशत हो गया है। यह 15वें वित्त आयोग की तुलना में करीब 24.5 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी है, जो अब तक का सबसे ज्यादा हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस फैसले से 2026-27 में हरियाणा को केंद्रीय करों से लगभग 20,772 करोड़ रुपये मिलेंगे, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 5,547 करोड़ रुपये ज्यादा हैं। 16वें वित्त आयोग की अवधि में हरियाणा को केंद्रीय करों से करीब एक लाख करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है, जो प्रदेश के लिए अब तक का सबसे बड़ा फंड होगा।

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि बजट में देश की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए सरकारी खर्च को बढ़ाकर लगभग 12.20 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह पैसा सड़कों, रेलवे, शहरी विकास, औद्योगिक गलियारों और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करेगा। इसका सीधा फायदा हरियाणा को होगा, क्योंकि हमारा राज्य दिल्ली-एनसीआर, औद्योगिक क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों के बीच में है।
युवाओं के कौशल विकास और शिक्षा के लिए बजट में 1 लाख 39 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, बायोटेक और साइबर सिक्योरिटी जैसी नई तकनीकों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का खास फंड रखा गया है। इससे गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला और रोहतक जैसे शहरों के युवाओं को फायदा होगा। वे विश्व स्तरीय आधुनिक कौशल सीखकर अच्छी तनख्वाह वाली नौकरियां पा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 7,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे हरियाणा में नए कारोबार शुरू करने वालों को और मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल देश के विकास को नई दिशा देगी और हरियाणा को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। यह बजट प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।