ज़मीन दिलाने के नाम पर साढ़े 5 लाख ठगे, दो प्रॉपर्टी डीलरों पर FIR

नवभारत टाइम्स

फरीदाबाद में ज़मीन दिलाने के बहाने एक व्यक्ति से साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए गए। दो प्रॉपर्टी डीलरों पर आरोप है कि उन्होंने न तो ज़मीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

rs 55 lakhs cheated in the name of arranging land fir registered against two property dealers
फरीदाबाद: जमीन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पल्ला थाना क्षेत्र में दो प्रॉपर्टी डीलरों पर आरोप है कि उन्होंने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही एडवांस के तौर पर ली गई रकम वापस की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरिता विहार, मदनपुर खादर (दिल्ली) के रहने वाले रंजन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के लिए जमीन खरीदना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात विनयनगर, अगवानपुर के रहने वाले विकास कुमार महतो और विक्रम से हुई। विकास कुमार महतो का ऑफिस सेहतपुर मेन रोड, अगवानपुर चौक, सेक्टर-91 में है। वहीं, आरोपी विक्रम ने वेदराम कॉलोनी, गली नंबर-6 में स्वास्तिक असोसिएट्स के नाम से अपना ऑफिस खोल रखा था।
रंजन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए इन दोनों प्रॉपर्टी डीलरों को साढ़े पांच लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए थे। लेकिन डीलरों ने न तो उन्हें जमीन की रजिस्ट्री करके दी और न ही उनके पैसे वापस किए। जब रंजन कुमार ने अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों आरोपियों ने उन्हें टालना शुरू कर दिया। परेशान होकर रंजन कुमार ने पल्ला थाने में दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।