बरेली में अवैध मस्जिद पर चला बुलडोज़र

नवभारत टाइम्स

बरेली के भोजीपुरा में सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद को प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया। यह मामला 2008 से कोर्ट में चल रहा था। कोर्ट के आदेश पर मस्जिद के ढांचे को ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। निर्माण के खिलाफ पहले भी नोटिस जारी किया गया था।

बरेली में अवैध मस्जिद पर चला बुलडोज़र
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट, मेरठ बरेली जिले के भोजीपुरा क्षेत्र के पिपरिया गांव में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्मित मस्जिद को शनिवार की सुबह बुलडोजर चलाकर गिरा दिया गया। बरेली के एसडीएम सदर प्रमोद कुमार के मुताबिक मस्जिद सरकारी बंजर भूमि पर बनी हुई थी। जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण किया गया था। प्रशासन ने फिलहाल कोर्ट के निर्देश पर मस्जिद के अवैध ढांचे को गिराकर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया है। एसडीएम की माने तो इस भूमि को लेकर 2008 से विवाद चल रहा था। जिस वक्त मस्जिद बनाया जा रहा था तब निर्माण के खिलाफ नोटिस जारी किया गया था। इस जमीन पर मालिकाना हक का केस सबसे पहले तहसीलदार कोर्ट में चला था। तहसीलदार कोर्ट ने निर्माण को अवैध मानते हुए मस्जिद को गिराने के आदेश दिए थे। मस्जिद पक्ष राहत के लिए सिविल कोर्ट चला गया था लेकिन वहां भी उनका मुकदमा खारिज कर दिया गया था। एसडीएम का कहना है कि बेदखली की प्रक्रिया के तहत कब्जा करने वाले पक्ष पर जुर्माना भी लगाया गया था, जिसे उन्होंने पहले ही जमा कर दिया था। 300 वर्ग गज में फैली इस मस्जिद के निर्माण को गिराने के दौरान शनिवार को गांव में कई थानों की फोर्स और पीएसी के जवानों को तैनात रखा गया।