निगोहां में ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी तेज रफ्तार कार, दो घायल

नवभारत टाइम्स

निगोहां में एक कार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने यातायात सुचारू कराया और अवैध ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई की बात कही।

निगोहां में ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी तेज रफ्तार कार, दो घायल
निगोहां के हरवंश खेड़ा नर्सरी के पास रविवार दोपहर एक कार और ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच ज़ोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया और अवैध व ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

यह हादसा तब हुआ जब रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुंडा-प्रतापगढ़ से एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही कार पीछे से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हरवंश खेड़ा नर्सरी के पास कार अनियंत्रित होकर ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान निगोहां स्थित टोल प्लाजा के पास राज्य महिला वॉलिबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन से लौट रहे पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह का काफिला वहां से गुज़र रहा था। दुर्घटना देखकर मंत्री ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने अपनी मानवीय संवेदना दिखाते हुए अपने सुरक्षा दस्ते के स्कॉर्ट वाहन से दोनों घायलों को मोहनलालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह अस्पताल में ही रुके रहे। उन्होंने एंबुलेंस की व्यवस्था की और पीजीआई ट्रॉमा सेंटर के प्रशासन से बात कर तत्काल इलाज के निर्देश दिए।

वहीं, पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को फिर से बहाल किया। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि ऐसे अवैध और ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।