Protest At Police Station For No Fir Against Suheldev Bhartiya Samaj Party Mla Councilor Levels Serious Allegations
सुभासपा MLA पर FIR न होने पर थाने का घेराव
नवभारत टाइम्स•
भरवारा गंगोत्री विहार में नाला निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय पार्षद और समर्थकों ने सुभासपा विधायक बेदी राम के खिलाफ बीबीडी थाने में FIR दर्ज कराने की मांग की। मुकदमा दर्ज न होने पर उन्होंने थाने का घेराव कर हंगामा किया। पार्षद का आरोप है कि विधायक ने अभद्रता की और सरकारी काम में बाधा डाली।
लखनऊ: भरवारा के गंगोत्री विहार में नाला निर्माण को लेकर उपजे विवाद में रविवार को स्थानीय सपा पार्षद ममता रावत और उनके समर्थकों ने सुभासपा विधायक बेदी राम के खिलाफ बीबीडी थाने में मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश की। एफआईआर दर्ज न होने पर उन्होंने थाने का घेराव कर हंगामा किया। पार्षद का आरोप है कि विधायक ने फोन पर उनसे अभद्रता की और उनके समर्थकों ने सरकारी काम में बाधा डाली। पुलिस ने पांच दिनों में जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
भरवारा गंगोत्री विहार में नाला निर्माण का काम कई दिनों से अटका हुआ है। पार्षद ममता रावत का कहना है कि विधायक बेदी राम जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य में रुकावट डाल रहे हैं। जिस सरकारी जमीन पर नाला बनना है, उस पर विधायक की नजर है। पार्षद ने चेतावनी दी है कि अगर विधायक पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो वे समर्थकों के साथ बड़ा आंदोलन करेंगी।इस मामले में बीकेटी से भाजपा विधायक योगेश भी नाला निर्माण के पक्ष में हैं। योगेश के अनुसार, उस इलाके में जलभराव की समस्या से सैकड़ों लोग परेशान हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए नाला बनाना बहुत जरूरी है।
पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच पांच दिनों के अंदर पूरी कर ली जाएगी और उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह विवाद नाला निर्माण के सरकारी काम को रोक रहा है और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। पार्षद और विधायक के समर्थकों के बीच तनातनी के चलते स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।