NBT रिपोर्ट, मुंबई : भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने से बाजार में छाई अनिश्चितता खत्म हो गई है। सोमवार को चौतरफा खरीदारी की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 485.35 अंक (0.58%) की मजबूती के साथ 84,065.75 पर बंद हुआ। वहीं, NSE निफ्टी 173.60 अंक (0.68%) चढ़कर 25,867.30 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी एक समय 228.55 अंक (0.88%) की बढ़त के साथ 25,922.25 के हाई पर भी पहुंचा।
एक्सचेंज डेटा के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ( FIIs ) ने शुक्रवार को 1,950.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। BSE पर स्मॉलकैप इंडेक्स 2.31% और मिडकैप इंडेक्स 1.27% ऊपर रहे। सेक्टरों की बात करें तो PSU बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा 2.83% चढ़ा। इसके बाद कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.76%), रियल्टी (2.64%) और कमोडिटीज (2.06%) का नंबर रहा।
वहीं, दिल्ली में चांदी की कीमतों में 6 % से ज्यादा का उछाल आया। चांदी की कीमत 17,000 रुपये (6.66%) बढ़कर 2,72,000 रुपये प्रति किलो हो गई है। 99.9 % शुद्धता वाला सोना 1,300 रुपये महंगा होकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।


