80 Thousand Duped From Mobile Shop Owner By Luring To Make Credit Card Fir Registered
क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर ठगे "80 हज़ार, FIR
नवभारत टाइम्स•
मानेसर में एक मोबाइल दुकानदार से साइबर ठगों ने 80 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने नया क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर दुकानदार से निजी और पुराने क्रेडिट कार्ड की जानकारी ली। जानकारी मिलते ही ठगों ने दुकानदार के दोनों क्रेडिट कार्ड से पैसे उड़ा दिए। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मानेसर के इंडस्ट्रियल एरिया में एक मोबाइल शॉप मालिक को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया है। ठगों ने नया क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर दुकानदार के दो क्रेडिट कार्ड से 80 हजार रुपये उड़ा दिए। ठगों ने मोबाइल पर एक लिंक भेजकर इस वारदात को अंजाम दिया। साइबर क्राइम थाना मानेसर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बाघनकी गांव के रहने वाले प्रेम सिंह, जो कासन रोड पर 'हेलो पॉइंट' नाम से मोबाइल की दुकान चलाते हैं, ने पुलिस को बताया कि 27 दिसंबर को उनके पास बजाज फाइनैंस के नाम से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें बजाज फाइनैंस का नया क्रेडिट कार्ड बनवाने का लालच दिया। इसके बाद, उसने वॉट्सएप पर एक लिंक भेजा। प्रेम सिंह ने जैसे ही उस लिंक को खोला और उस पर अपने पुराने क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरी, तो उनके क्रेडिट कार्ड से एक-एक करके पैसे कटने शुरू हो गए। इस तरह, ठगों ने कुल 80 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस अब इन अज्ञात ठगों की तलाश कर रही है।