संभल जिले में एक व्यक्ति पर अपनी मृत पत्नी का फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पांच लाख रुपये का जीवन बीमा कराने का आरोप लगा है। पॉलिसी मौत के एक माह बाद ली गई। भारतीय जीवन बीमा कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को रजपुरा थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि गांव सिहावली निवासी शमीम के खिलाफ शुक्रवार को धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिहावली गांव की है। यहां के निवासी शमीम की पत्नी गुलबसा की मौत 24 जुलाई, 2022 को हो गई थी। आरोप है कि मृत्यु के लगभग एक माह बाद 14 अगस्त 2022 को शमीम ने अपनी मर चुकी पत्नी को जीवित दिखाकर पांच लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी खरीद ली। भारतीय जीवन बीमा कंपनी (आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ, लखनऊ) के प्रतिनिधि उमेश कुमार ने एसपी केके विश्नोई को शिकायत पत्र देकर बताया कि गुलबसा के नाम पर जीवन बीमा कवर मांगा गया था, जिसमें नामांकित व्यक्ति काजिमुद्दीन को गुलबसा का पिता दर्शाया गया था। बीमा दावे के आधार पर क्षेत्रीय समिति ने जांच पड़ताल की। जांच में सामने आया कि दावेदार ने महिला की मौत की तारीख 14 अगस्त, 2022 बताई थी, जबकि आधिकारिक अभिलेखों के अनुसार गुलबसा की मृत्यु 24 जुलाई 2022 को हुई थी। ऐसे में साफ है कि मौत के बाद फर्जी दस्तावेजों के जरिए बीमा कराया गया था। पॉलिसी कराते वक्त बीमा कंपनी के अधिकारी को फर्जी डेट सर्टिफिकेट बनवा कर दिया गया। कंपनी ने क्लेम निरस्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि धोखाधड़ी की धाराओं में शमीम के खिलाफ धोखाधड़ी केस दर्ज कर जांच की जा रही है।








