Loan Of Lakhs Hidden House Sold Fatehabad Police Arrest Couple
लाखों का लोन छिपाकर मकान बेचा, कपल अरेस्ट
नवभारत टाइम्स•
हिसार फतेहाबाद पुलिस ने एक मकान सौदे में धोखाधड़ी के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। मकान के नए खरीदार ने आरोप लगाया कि मकान पर 17 लाख का लोन चल रहा था, जिसकी जानकारी छिपाई गई। खरीदार ने 18.75 लाख रुपये लेने के बाद भी रजिस्ट्री न कराने का भी आरोप लगाया है।
हिसार: मकान के सौदे में धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। खरीदार का आरोप है कि उन्हें 17 लाख रुपये का लोन वाला मकान बेच दिया गया और 18.75 लाख रुपये लेने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
डीसी कॉलोनी के रहने वाले अशोक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 मई 2025 को उन्होंने अग्रवाल कॉलोनी की कमलेश देवी से एक मकान खरीदा था। अशोक कुमार ने मकान के लिए 15 लाख रुपये चेक से और 3.75 लाख रुपये नकद दिए थे। मकान की रजिस्ट्री 25 अगस्त 2025 को होनी तय हुई थी।शिकायत के अनुसार, मकान खरीदने के इकरारनामे में यह साफ लिखा था कि मकान पर कोई कर्ज नहीं है। लेकिन, असलियत में उस मकान पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का करीब 17 लाख रुपये का लोन चल रहा था। जब रजिस्ट्री का दिन आया, तो आरोपी पति-पत्नी तहसील कार्यालय नहीं पहुंचे। बाद में उन्होंने रजिस्ट्री कराने से साफ इनकार कर दिया।
इस मामले की जांच के बाद, 21 अक्टूबर 2025 को सिटी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमचंद और उनकी पत्नी कमलेश देवी को गिरफ्तार कर लिया है। अब उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।