दिल्ली की हवा दमघोंटू, यूपी में प्रदूषण से मुक्ति: CM योगी

नवभारत टाइम्स

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दमघोंटू वातावरण से मुक्ति है और यहां विकास भी है। दिल्ली की हवा दमघोंटू है। यूपी में प्रदूषण से मुक्ति है। कैम्पियरगंज में प्रदेश का पहला वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय बनेगा। युवाओं को नौकरी की गारंटी वाली डिग्री मिलेगी। गिद्धराज जटायु संरक्षण केंद्र का भी उल्लेख किया गया।

दिल्ली की हवा दमघोंटू, यूपी में प्रदूषण से मुक्ति: CM योगी
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है आज दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण प्रदूषण की है। वायु प्रदूषण से फेफड़े खराब होंगे और धीरे-धीरे पूरा शरीर खराब हो जाएगा। जब प्रदूषण नहीं होगा तो बीमारी भी नहीं होगी। दिल्ली के वायु की चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वहां डॉक्टर दमा रोगियों, बुजुर्गों और बच्चों को घर से बाहर न निकलने की सलाह देते हैं। यह स्थिति पर्यावरण के साथ खिलवाड़ से बनती है। उन्होंने संतोष जताया कि उत्तर प्रदेश में दमघोंटू वातावरण से मुक्ति है और यहां विकास भी है।

सीएम योगी शनिवार को जंगल कौड़िया ब्लॉक में पुनर्निर्मित बीडीओ कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि अब कैम्पियरगंज में प्रदेश का पहला वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। यहां युवाओं को जो डिप्लोमा व डिग्री मिलेगी, वह देश-दुनिया में नौकरी की गारंटी वाली होगी।

सीएम योगी ने कैम्पियरगंज में बने गिद्धराज जटायु संरक्षण केंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि कृतज्ञता ज्ञापित करना हमारी भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। हमारे लिए किसी ने कुछ किया तो उसके प्रति कृतज्ञ होना हमारी जीवनशैली का हिस्सा है। गिद्धराज जटायु की मानव जाति पर बड़ी कृपा रही। माता सीता का हरण कर ले जा रहे रावण का पहला प्रतिकार गिद्धराज जटायु ने किया था। वह सृष्टि के पालनकर्ता भगवान विष्णु की सवारी भी हैं।