Sonipat Tragic Accident Car Hits Tree While Returning From Wedding Five Friends Dead Two Critical
सोनीपत में शादी से लौटते समय पेड़ से भिड़ी कार, पांच की मौत
नवभारत टाइम्स•
सोनीपत के गोहाना में एक दर्दनाक हादसा हुआ। शादी से लौट रहे सात दोस्तों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हैं। गांवों में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजन सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोनीपत के गोहाना में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। शादी समारोह से लौट रहे सात दोस्तों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं और गांवों में मातम पसर गया।
यह हादसा घडवाल से भावड रोड पर हुआ। रात के अंधेरे में HR 98 B 9988 नंबर की स्कॉर्पियो अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा भिड़ी। गाड़ी में कुल सात युवक सवार थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।इस हादसे में गोलू (रोहतक के गांव घुसकानी), अकुश पुत्र जयपाल, दीपक, सागर और साहिल पुत्र सतबीर (सभी गांव खिडवाली) की जान चली गई। इन सभी की उम्र 25 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। गोलू शादीशुदा था, जबकि बाकी चार युवक अविवाहित थे।
हादसे में अंकित और सागर नाम के दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को खानपुर के पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।